फिल्म सह-निर्माण के लिए भारत व पुर्तगाल के बीच समझौता !
भारत के सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ और पुर्तगाल के संस्कृति मंत्री लुईस फिलीप कास्त्रो मेंडेस के बीच बैठक में फिल्म सह-निर्माण की चर्चा की गई।
भारत और पुर्तगाल ने फिल्म क्षेत्र में सह-निर्माण समझौते के तौर तरीके तैयार करने पर सहमति व्यक्त की है। ऐसे समझौतों के वैधानिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए इस समझौते को समय सीमाबद्ध तरीके से तैयार किया जाएगा। दोनों देशों के सरकारी प्रसारकों के बीच समझौता की संभावनाओं और बेहतरीन तरीकों तथा तकनीकी एवं सामग्री से संबंधित मुद्दों पर सहयोग के बारे में भी चर्चा की गई। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ और पुर्तगाल के संस्कृति मंत्री लुईस फिलीप कास्त्रो मेंडेस के बीच के हुई बैठक में यह चर्चा की गई।
विचार-विमर्श के दौरान कर्नल राठौड़ ने पुर्तगाल के मंत्री को देश में फिल्म सुविधा कार्यालय के जरिए विदेशी फिल्म निर्माताओं को मंजूरी के लिए एकल खिड़की उपलब्ध कराने की सूचना और प्रसारण मंत्रालय की पहल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने देश की समृद्ध फिल्मी धरोहरों का डिजीटीकरण और उन्हें संरक्षित करने के सरकार के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फिल्म विरासत अभियान के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर मंत्री ने पुर्तगाल के मंत्री को देश में पत्रकारिता और फिल्म निर्माण के प्रमुख शैक्षिक संस्थानों क्रमश: भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) और भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के बारे में भी बताया। दोनों देशों के शैक्षिक संस्थानों के छात्रों का एक दूसरे के संस्थानों में पढ़ने की संभावनाओं पर भी दोनों मंत्रियों ने चर्चा की। दोनों नेताओं ने नवीकरणीय ऊर्जा,सूचना और संचार प्रौद्योगिकी तथा स्टार्ट-अप के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी बातचीत की। मंत्रियों ने पहुंच बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया के बेहतर तरीकों और अनुभवों को साझा करने पर भी दिलचस्पी दिखाई।

No comments:
Post a Comment