Wednesday, 26 July 2017

देश के 25348 डाकघरों का कम्प्यूटरीकरण

        सरकार चालू वित्त वर्ष 2017-18 के दौरान ग्रामीण व्यवसाय और डाक नेटवर्क तक पहुंच योजना के तहत 81 उप डाकघर और डाकघरों की 100 नई शाखाएं खोलने की तैयारी में है। 

     संचार मंत्री मनोज सिन्हा ने लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में कहा कि चालू वित्त वर्ष के दौरान इस योजना के तहत डाक विभाग ने वाम अतिवाद से प्रभावित देश के 32 जिलों में नए पदों का सृजन करते हुए 66 डाकघर शाखाएं खोलने की भी योजना बनाई है। सिन्हा ने बताया कि देश के राज्यों में मौजूद 25,350 में से 25,348 डाकघरों का कम्प्यूटरीकरण कर दिया गया है।
      उन्होंने कहा कि डाक विभाग बाज़ार की बढ़ती मांग को पूरा करने और राजस्व कमाई बढ़ाने के वास्ते नई प्रौद्योगिकी लाने और प्रणाली को अत्याधुनिक करने के लिए समय-समय पर कदम उठाता रहा है। 
     सिन्हा ने कहा कि डाक उत्पादों और सेवाओं की दरों में वृद्धि या बदलाव एक अनवरत प्रक्रिया है जो समय-समय पर चलता रहता है।उन्होंने कहा कि प्रीमियम व्यवसाय विकास उत्पादों की दरों में बढ़ोतरी करने का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है।

असम के लिए 40 हजार करोड़

         सड़क परिवहन और राजमार्ग तथा जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने असम में भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्गों की तत्काल मरम्मत के लिए पहली किश्त के रूप में 200 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है।

     असम के मुख्यमंत्री सर्वानन्द सोनोवाल की गडकरी से असम की स्थिति की समीक्षा के संबंध में मुलाकात के बाद यह घोषणा की गई। असम में भारी वर्षा के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों को नुकसान पहुंचा है। इस बीच, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों का एक विशेषज्ञ दल नुकसान का आकलन करने के लिए भेजा गया है।
       यदि जरूरत पड़ी तो एनएचएआई की टीम की रिपोर्ट के आधार पर कुछ और वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। एनएचएआई की टीम के एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट देने की संभावना है। ब्रह्मपुत्र नदी में तलकर्षण कार्य के लिए अतिरिक्त 400 करोड़ रूपये की मंजूरी दी गई है। 
     तलकर्षण का कार्य 6 निकर्षण पोतों (ड्रेजर) का इस्तेमाल करते हुए सितंबर में शुरू किया जाएगा। तलकर्षण से नदी की गहराई बढ़ जाएगी और बाढ़ को रोका जा सकेगा। पूर्वोत्तर क्षेत्र के साथ बेहतर सड़क संपर्क के लिए अगले पांच वर्ष के दौरान ब्रह्मपुत्र नदी पर कुल सात पुलों का निर्माण किया जाना है।
      दो पुलों पर कार्य चल रहा है। तीन और पुलों के लिए राज्य सरकार द्वारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जानी है। गडकरी ने राज्य सरकार से कहा कि वह नदी तटों पर 40 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रस्तावित ब्रह्मपुत्र राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट दे।

विकास से जुड़े कार्यों में उद्योग जगत से साझेदारी का आह्वान

     मानव संसाधन विकास राज्‍य मंत्री डॉ महेन्‍द्र नाथ पांडेय ने उद्योग जगत को आमंत्रित करते हुए कहा है कि वह विकास योजनाओं में साझेदारी करने, स्‍टार्ट अप्‍स की सहायता करने और नई पहल करने के लिए आगे आए। 

       उन्‍होंने शिक्षा के क्षेत्र में संलग्‍न अन्‍य कारकों का लाभ उठाने के लिए विविध उपायों की भी चर्चा की। उन्‍होंने कहा कि शिक्षा केंद्र और राज्‍य का मामला है और इस बारे में समस्‍त राज्‍यों से व्‍यापक सहयोग अपेक्षित है।
       उन्‍होंने शिक्षा नीति के मसौदे और अन्‍य मामलों पर उद्योग के सदस्‍यों से सुझाव और टिप्‍पणियां आमंत्रित कीं। डॉ पांडेय कोलकाता में एसोचैम द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘शिक्षा और नवाचार के माध्‍यम से जीवन में बदलाव तथा शिक्षा उत्‍कृ‍ष्‍टता पुरस्‍कार 2017’ को संबोधित कर रहे थे। 
         इस कार्यक्रम में स्‍कूल पूर्व शिक्षा, प्राथमिक और माध्‍यमिक स्‍कूली शिक्षा और उच्‍च शिक्षा पर मुख्‍य रूप से ध्‍यान केंद्रित किया गया। इस अवसर पर हुआ विचार-विमर्श शिक्षा की गुणवत्‍ता, इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने वाले तकनीकी उपायों तथा संपूर्ण शिक्षा एवं स्‍कूल-पूर्व स्‍तर से शिक्षकों को साथ जोड़े जाने पर केंद्रित रहा। इस अवसर पर एसोचैम और कलकत्‍ता चैम्‍बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

नौसैनिक अपतटीय गश्‍ती जहाज साची व श्रुति लांच

       रिलायंस डिफेंस एंड इंजीनियरिंग लिमिटेड (आरडीईएल) ने गुजरात के पीपावाव शिपयार्ड में पहले दो नौ सैनिक अपतटीय गश्‍ती जहाज (एनओपीवी) को लांच किया। 

         ये जहाज भारतीय नौसेना के लिए पांच जहाज निर्माण परियोजना के हिस्‍सा हैं। दोनों अपतटीय गश्‍ती जहाज- साची और श्रुति- को वाइस एडमिरल गिरीश लूथरा, वीपीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम, एडीसी, पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ की पत्‍नी श्रीमती प्रीति लूथरा ने लांच किया। अपतटीय गश्‍ती जहाज सामान्‍यत: देश के विशाल विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) की निगरानी का काम करते हैं।
    इसके अतिरिक्‍त जहाज पायरेसी विरोधी गश्‍ती, बेड़ों को समर्थन, अपतटीय परिसम्‍पत्तियों की समुद्री रक्षा, तटीय सुरक्षा तथा नौवहन मार्ग की रक्षा का काम भी करते हैं। एनओपीवी भारतीय नौ सेना की समुद्री निगरानी और गश्‍ती क्षमता को बढ़ाएंगे। 
      इस अवसर पर वाइस एडमिरल गिरीश लूथरा ने कहा कि साची और श्रुति जहाज का लांच किया जाना महत्‍वपूर्ण घटना है क्‍योंकि ये दोनों जंगी जहाज निजी क्षेत्र में बने हैं। उन्‍होंने कहा कि नौ सेना द्वारा जंगी जहाजों को निजी क्षेत्र में बनाने की अनुमति देना एक अवसर है जिसका उपयोग निजी क्षेत्र को पूरी तरह करना चाहिए। यह राष्‍ट्रीय क्षमता जैसे महत्‍वपूर्ण क्षेत्र में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने में सहायक हैं। 
         फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ ने कहा कि हमने कई अच्‍छे जहाज बनाये है और उतारे हैं फिर भी हमारे शिपयार्डों को गुणवत्ता, उत्‍पादकता के वैश्विक मानक हासिल करने के उद्देश्‍य से परिवर्तन के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि परियोजनाएं नियत समय में पूरी की जानी चाहिए।
          उन्‍होंने कहा कि राष्‍ट्रीय आवश्‍यकताओं को पूरा करने के अतिरिक्‍त शिपयार्डों को निर्यात पर भी ध्‍यान देना चाहिए। फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ ने रिलायंस डिफेंस एंड इंजीनियरिंग लिमिटेड और कंपनी के कर्मियों तथा नौ सेना के जहाज निरीक्षण तथा गुणवत्ता आश्‍वासन दल को उनके प्रयासों के लिए सराहना की। उन्‍होंने आशा व्‍यक्‍त की कि निकट भविष्‍य में साची और श्रुति भारतीय नौ सेना में शामिल किए जाएंगे।