Sunday, 17 September 2017

दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा डैम सरदार सरोवर बांध, देश की प्रगति का इतिहास

       अहमदाबाद। सरदार सरोवर बांध के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को एक बड़ी सौगात दी। यह सौगात निश्चय ही देश का इतिहास बनेगी। अमरीका के ग्रांड कोली डैम के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा डैम सरदार सरोवर बांध है। 

   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के दभोई में सरदार सरोवर बांध को भारत की नई और उभरती ताकत का प्रतीक बताया है। मोदी ने अमरेली में एपीएमसी बाजार यार्ड का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि 125 करोड़ की ताकत से न्यू इंडिया बनेगा। मुझे जन्मदिन की बधाई देने वालों का दिल से आभार। सरदार सरोवर बांध देश की प्रगति का इतिहास बनेगा।
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मोदी ने कहा कि सरदार पटेल ने सबसे पहले इस बांध के निर्माण का सपना देखा था। सरदार पटेल की आत्मा आज हमे आशीर्वाद दे रही होगी। वर्ल्ड बैंक ने इस बांध के लिए पैसा देने से इंकार कर दिया था।
     प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह बांध किसानों का भाग्य बदल देगा। मैंने गुजरात में पानी का दर्द महसूस किया। विकास की राह में सबसे ज्यादा अड़चनें पानी ने पैदा की। इस बांध के लिए गुजरात का संत समाज आगे आया। गुजरात के मंदिरों और मठों से इस बांध के लिए दान मिला। 
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि नर्मादा का पानी पारस है। हमने कभी इस बांध को सियासी मुद्दा नहीं बनने दिया। इस बांध में इंजीनियरिंग का करिश्मा है। भारत में जलक्रांति का श्रेय अंबेडकर को है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आपके सपनों को साकार करके दिखाऊंगा। इस मौके पर मोदी ने मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज चौहान और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फड़नवीस का आभार जताया।
     प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 67 वें जन्मदिन पर सबसे पहले अपनी मां हीराबेन का आशीर्वाद लिया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरदार सरोवर बांध देश को समर्पित किया। इस बांध की आधारशिला देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने रखी थी। मोदी अपनी दो पसंदीदा परियोजनाओं सरदार सरोवर बांध और सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में बनाए गए स्टेचू ऑफ यूनिटी का दौरा किया। 182 मीटर ऊंची प्रतिमा बनाने में प्रधानमंत्री ने ही अग्रणी भूमिका निभाई थी। 
     वह सरदार सरोवर बांध की ऊंचाई बढ़ाने का भी लगातार समर्थन करते रहे। हाल ही में बांध की ऊंचाई 138.68 मीटर तक बढ़ाई गई। बांध की ऊंचाई बढ़ने से इसकी क्षमता हुई वृद्धि का लाभ गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को मिलेगा। 
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बांध से 6 हज़ार मेगावाट बिजली पैदा होगी जो कि गुजरात, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में वितरित होगी। इससे उत्पन्न होने वाली 57ऽ बिजली महाराष्ट्र में, 27ऽ मध्य प्रदेश और शेष गुजरात को मिलेगी।
   सिंचाई और पानी की आपूर्ति के मामले में इस परियोजना से राजस्थान को भी कुछ लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हाल ही में बांध की उंचाई को 138.68 मीटर तक बढ़ाई गई है। इसमें 4.73 मिलियन क्यूबिक पानी संचय करने की क्षमता है। 
     इस बांध के 30 दरवाजे हैं और हरेक दरवाजे का वजन 450 टन है। हरेक दरवाजे को बंद करने में करीब एक घंटे का समय लगता है। नर्मदा नदी पर बनने वाले 30 बांधों में से सरदार सरोवर सबसे बड़ी बांध परियोजना है। इसके जरिए 9,000 गांवों को पानी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
      गुजरात के लिए अहम सरदार सरोवर बांध परियोजना के पूरा होने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के खाते में जाता नजर आ रहा है। बांध व नहर परियोजना को लेकर काफी सक्रिय रहे मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 51 घंटे का उपवास भी किया था।
     इस परियोजना के निर्माण के लिए मांग के अनुसार भारतीय स्टील प्राधिकरण लिमिटेड ने 80 प्रतिशत स्टील उपलब्ध कराया है। सर्वाधिक प्रतिष्ठित एवं महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परियोजना में भारतीय स्टील प्राधिकरण की हिस्सेदारी रही है।
    सेल ने इस उल्लेखनीय सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड की परियोजना के लिए लगभग 85 हजार टन स्टील उपलब्ध कराया है। सरदार सरोवर परियोजना विश्व में दूसरा सबसे बड़ा गुरूत्व बांध है। यह विश्व में तीसरा सबसे लंबा स्पिलवे निर्हवन क्षमता से युक्त बांध है। सरदार सरोवर बांध गुजरात में नवाग्राम में नर्मदा नदी पर बनाया गया है।
      इससे 4 राज्यों गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान लाभान्वित होंगे। नर्मदा घाटी परियोजना के एक भाग के रूप में इससे सिंचाई और बिजली आपूर्ति में मदद मिलेगी। नर्मदा नदी पर बहुद्देशीय सिंचाई एवं हाइड्रोलिक परियोजनाओं की श्रृंखला में यह सबसे लंबी हाइड्रोलिक इंजीनियरिंग परियोजना है। सरदार सरोवर बांध का ढांचा सबसे बड़ा है।
       इस परियोजना से कच्छ और सौराष्ट्र के अधिकतर सूखाग्रस्त क्षेत्रों में 18 हजार (190 हजार स्कॉयर फीट क्षेत्र) में सिंचाई हो सकेगी। इससे 1,450 मेगावॉट बिजली सुविधा मुहैया की जा सकेगी। सेल ने सरकार की कई विशिष्ट परियोजनाओं में स्टील की आपूर्ति की है।

समुदाय एवं राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण

    हैदराबाद। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि महिलाएं परिवार, समुदाय और राष्ट्र के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। 

  उन्होने इस संबंध में गाँधीवादी विचारक और शिक्षाविद डॉ. जेम्स इमेन्यल क्वागिर के उदगार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि आप एक पुरूष को शिक्षित करते है तो एक व्यक्ति को शिक्षित करते है लेकिन यदि एक महिला को शिक्षित किया जाता है तो एक परिवार को शिक्षा प्राप्त होती है। वे भारत सरकार की पहल- स्किल इंडिया, ‘कुशल भारत-कौशल भारत’ के तहत हैदराबाद में क्षेत्रीय व्यवसायिक प्रशिक्षण संस्थान की आधारशिला रख रहे थे। इस अवसर पर केन्द्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस व कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मोहम्मद महमूद अली, तेलंगाना के श्रम एवं रोजगार मंत्री नैनी नरसिम्हा रैड्डी तथा पूर्व श्रम एवं रोजगार मंत्री व सांसद बंडारू दत्तात्रेय एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। 
    उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश की जनसंख्या का लगभग 50 फीसदी महिलाएं है। महिलाओं को आर्थिक, राजनीतिक एवं प्रत्येक क्षेत्र में सशक्त किए जाने के लिए हर कदम उठाना चाहिए। उन्होने कहा कि वैदिक समय में महिलाओं को पूर्ण सम्मान दिया जाता था। हमारे यहां माँ लक्ष्मी धन-सम्पदा, माँ दुर्गा शक्ति और सरस्वती ज्ञान की देवी के रूप में पूजी जाती है।
    उन्होने यह भी कहा कि पुरातन समय में महिलाओं को जो सम्मानित दर्जा प्राप्त था वो आज के आधुनिक युग में देखने को नही मिलता। इस कारण महिलाओं में साक्षरता की दर बहुत कम है। उनका सशक्तिकरण भी बहुत कम हुआ है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारतीयों में सहज रूप से कौशल विद्यमान है। उद्यमिता के क्षेत्र में उनमे स्वभाविक क्षमताएं मौजूद है। 
     इस समय उन्हें प्रशिक्षण दिए जाने और उनके कौशल को और उन्नत करने की आवश्यकता है। उन्होने कहा कि कुशल कार्मिकों की आवश्यकता विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रही हैं। इसलिए सरकार, उद्योगों एवं स्वयं सेवी संगठनों को मिलकर ऐसे प्रशिक्षण संस्थान खोलने चाहिए। उन्होने यह भी कहा कि किसी भी प्रशिक्षण एवं कौशल कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उपादान यह है कि उससे सभी लाभान्वित हो सके।