Sunday, 2 July 2017

जीएसटी के तहत वस्तुओं पर कर का भार आने से उपभोक्ताओं को फायदा

      केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि माल एवं सेवा कर यानी जीएसटी का शुभारंभ हो चुका है। 

         स्वतंत्रता के बाद कराधान व्यवस्था में माल और सेवा कर (जीएसटी) सबसे बड़ा सुधार है। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि यह सहकारी संघवाद में एक महान प्रयोग है जहां केन्द्र और राज्यों ने अपनी संप्रभुता समायोजित की है-सभी निर्णय एकमत होकर लिए गये हैं। देश भर में वस्तुओं के मुक्त प्रवाह के लिए टैरिफ और गैर टैरिफ बाधाओं को दूर करके एक आम राष्ट्रीय बाजार का निर्माण किया गया है जहां कोई चेक व्यवस्था अर्थात कोई नाका नहीं होगा। 
      करदाताओं और कर अधिकारियों के बीच इंटरफेस की संख्या को कम करके अनुपालन लागत को कम करना तथा सभी प्रक्रियाओँ चाहे वे कारोबार की हो अथवा कर प्रशासन की हों, सभी में सूचना प्रौद्योगिकी को गहन रूप से अपनाया जाएगा। जीएसटी अपनाने से केन्द्रीय उत्पाद शुल्क, सेवा कर, वैट, खरीद कर, मनोरंजन कर, प्रवेश कर, चुंगी आदि जैसे कई कर खत्म हो जाएंगे और मात्र एकल कर रह जाएगा। पहली बार एक राष्ट्रीय कर प्रशासन योजना लायी जा रही है जहां केन्द्र और राज्यों के अधिकारी एक समान राष्ट्रीय अप्रत्यक्ष कर कानून बनाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
       भारत 1947 मे राजनैतिक संघ बन गया लेकिन जीएसटी अब भारत को एक आर्थिक संघ में भी रूपान्तरित कर देगा। आम नागरिक को लाभ होगा। यह आसान कर प्रणाली है क्योंकि इससे दोहरे काराधान का उन्मूलन होगा जिनका भुगतान हम होटेल में खाना खाने पर करते हैं जिसमे वैट, सेवा कर, मनोरंजन कर, विलासिता कर शामिल होते हैं। इसी प्रकार सॉफ्टवेयर में दो वैट एवं सेवा कर हैं। लेकिन इस व्यवस्था में केवल एक कर है। 
        इसी प्रकार, व्यापक दोहरे कराधान के उन्मूलन के कारण वस्तुओं एवं सेवाओं के मूल्य में कमी होगी, जिससे मुद्रास्फीति कम होगी और मंहगाई पर लगाम लगेगा। पूरे देश में एक समान मूल्य होगा क्योंकि सभी राज्यों में एकसमान कर होगा। सब कुछ ऑनलाइन होने के कारण कराधान में पारदर्शिता आएगी। जीएसटी से रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी क्योंकि बड़ी मात्रा में हुई कर वसूली को आधारभूत सेवाओं, व्यवस्था, आवास आदि को बढ़ाने में लगाया जाएगा। जीएसटी के आ जाने के बाद चुंगी एवं राज्य प्रवेश कर खत्म हो जाएंगे।
     केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि यहां इस बात का जिक्र करना अच्छा रहेगा कि जीएसटी के अंतर्गत कर निर्धारण वर्तमान संरचना जहां कुछ मामलों में जैसे सॉफ्टवेयर के मामलों, वस्तुओं के उपयोग के अधिकार आदि के मामलों में केन्द्र और राज्यों में कर निर्धारण के निर्णय में अनिश्चितता मौजूद रहती है, इसके मुकाबले कर निर्धारण के क्षेत्राधिकार के संबंध में स्पष्टता पर मुकदमेबाज़ी कम होगी। 
       जीएसटी शासन में एक शुल्क कानून रखा गया है जहां विभिन्न शुल्क कानूनों में विद्यमान बहु मूल्यांकनों की तुलना में एक सरल मूल्यांकन रखा गया है। प्रस्तावित जीएसटी की प्रक्रिया के अंतर्गत विशिष्ट शुल्क दर के साथ, सरल आदान शुल्क ऋण तंत्र और समेकित जीएसटी नेटवर्क सूचना उपलब्ध रहेगी और सरकार के लिए संसाधनों को प्रशासित करना और भी सरल हो जाएगा। 
         उल्लेखनीय है कि जीएसटी से कृषि को विभिन्न लाभ होंगे। इससे एकीकृत बाजार हो जाएगा। इसमें विभिन्न करों को मिलाकर एक कर बना देने से प्रक्रिया सरल हो जाएगी और राष्ट्रीय स्तर पर एक साझा बाजार तैयार करने में मदद मिलेगी। कम लागत वाले उत्पाद के कारण निर्यात में वृद्धि होगी । वस्तुओं पर कर का भार जीएसटी के तहत आ जाने से उपभोक्ताओं को फायदा होगा। इससे जीडीपी में 0.9-1.7 प्रतिशत वार्षिक की रेंज में वृद्धि होने की संभावना है। 
        इससे राष्ट्रीय कृषि बाजार (एनएएम) योजना को मजबूत करने में मदद मिलेगी। जीएसटी के कार्यान्वयन से राष्ट्रीय कृषि बाजार के कार्यान्वयन को सरल बनाया जाएगा क्योंकि सभी प्रकार के कर-सेस के स्थान पर केवल जीएसटी लगाया जाएगा जिससे विपणन सुविधा में सुधार होगा। वेयर हाउस के माध्यम से वर्चुअल बाजार के विकास की सुविधा मिलेगी और ओवरहेड विपणन में मदद मिलेगी।

भारत में जीएसटी की शुरुआत, एक राष्‍ट्र-एक कर

    संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित ऐतिहासिक मध्‍य रात्रि सत्र के बीच वस्‍तु एवं सेवा कर व्‍यवस्‍था लागू हो गई। 
      राष्‍ट्रपति एवं प्रधानमंत्री द्वारा बटन दबाकर देश में जीएसटी की शुरुआत करने से पूर्व राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सभा को संबोधित किया। 
         इस अवसर पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि यह दिन देश का भविष्‍य निर्धारित करने के लिहाज से एक निर्णायक मोड़ है। उन्‍होंने याद किया कि संसद का यह केंद्रीय कक्ष पहले भी कई ऐतिहासिक अवसरों का साक्षी रहा है जिसमें संविधान सभा का पहला सत्र, भारत की आजादी और संविधान को अंगीकार करना शामिल हैं। उन्‍होंने जीएसटी को सहकारी संघवाद का एक उदाहरण बताया। 
      उन्‍होंने चाणक्‍य का उल्‍लेख करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत सभी बाधाओं को दूर कर सकती है और यह हमें सबसे कठिन उद्देश्‍यों को पूरा करने में भी मदद करती है। उन्‍होंने कहा कि जिस प्रकार सरदार पटेल ने देश का राजनीतिक एकीकरण सुनिश्चित किया था, उसी तरह जीएसटी आर्थिक एकीकरण सुनिश्चित करेगा। प्रसिद्ध वैज्ञानिक अल्‍बर्ट आइंस्‍टीन, जिन्‍होंने कहा था कि आयकर दुनिया में समझने के लिए सबसे मुश्चिकल चीज है, को याद करते हुए उन्‍होंने कहा कि जीएसटी एक राष्‍ट्र-एक कर सुनि‍श्चित करेगा।
       उन्‍होंने कहा कि जीएसटी से समय और लागत में काफी बचत होगी। उन्‍होंने यह भी कहा कि राज्‍य की सीमाओं को पार करते समय होने वाली देरी से जलने वाले इंधन की अब बचत होगी और इससे पर्यावरण को भी फायदा पहुंचेगा। 
   प्रधानमंत्री ने कहा कि जीएसटी एक आधुनिक कर प्रशासन को बढ़ावा देगा जो अपेक्षाकृत आसान एवं अधिक पारदर्शी होगा और इससे भ्रष्‍टाचार पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। उन्‍होंने जीएसटी को 'गुड एंड सिम्‍पल टैक्‍स' यानी अच्‍छा एवं आसान कर कहा जिससे अंतत: लोगों को फायदा होगा।
      प्रधानमंत्री ने समाज के पार‍स्‍परिक एवं साँझा लाभ के लिए साझा लक्ष्‍य और समान दृढसंकल्‍प की भावना का वर्णन करने के लिए ऋग्‍वेद के श्‍लोक का भी उल्‍लेख किया।