Monday, 9 December 2019

शिक्षा ऋण माफ करने का कोई प्रस्ताव नहीःसरकार

  नई दिल्ली। सरकार ने सोमवार को कहा कि शिक्षा ऋण माफ करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नही है। लोकसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने यह जानकारी दी।
  उन्होंनें यह भी कहा कि ऐसा कोई मामला सामने नही आया है कि कर्ज अदायगी के लिए बैंकों की ओर से दबाव बनाए जाने के कारण किसी छात्र ने खुदकुशी की है। निर्मला ने कहा, शिक्षा ऋण माफ करने का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नही है।

आयुध कारखानों के निजीकरण का सवाल नहीं

  नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को राज्यसभा में कहा कि आयुध कारखानों के निजीकरण का सवाल ही नही उठता और सरकार इन कारखानों में कार्यरत कामगारों के हित किसी भी स्थिति में प्रभावित नही होने देगी।
 राजनाथ ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न के उत्तर में बताया कि आम तौर पर लोग आयुध कारखानों को पेशेवर बनाने के पक्षधर हैं। इस बारे मे कारखानों के श्रमिक संगठनों से बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि कोई भी फैसला सभी पक्षकारां को विश्वास में लेकर ही किया जाएगा।

 घाटी में शून्य से चार डिग्री नीचे पहुंचा पारा

  जम्मू। जम्मू कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में तापमान गिरने का सिलसिला जारी है। श्रीनगर में शनिवार रात का तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।
   इसके साथ ही लद्दाख मे करगिल जिले का दास सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। वहीं जम्मू में न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर आठ डिग्री सेल्सियस हो गया। हालांकि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से तापमान में सुधार हो सकता हैं। पश्चिमी विक्षोभ यहंा बुधवार को दस्तक देगा और इसके साथ ही बर्फ गिरने व बारिश का दूसरा चरण भी शुरू हो जाएगा।