Saturday, 27 May 2017

अब नमामि गंगे की प्रगति समीक्षा

           केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास व गंगा संरक्षण मंत्री सुश्री उमा भारती ने नमामि गंगे परियोजनाओं का निरीक्षण करने के लिए गंगा निरीक्षण अभियान के पहले चरण में कोलकाता के निकट बैरकपुर स्‍थित केंद्रीय अंतर्देशीय मत्‍स्‍य पालन अनुसंधान संस्‍थान का दौरा किया। 

           इस संस्‍थान में गंगा में मत्‍स्‍य पालन को लेकर विशेष अनुसंधान होता है। सुश्री भारती अपने 15 दिनों की यात्रा के दौरान गंगा सागर से लेकर गंगोत्री तक गंगा किनारे स्‍थित विभिन्‍न स्‍थानों पर स्‍वयं जाकर नमामि गंगे परियोजना की प्रगति की समीक्षा करेंगी। सुश्री भारती लगभग ढ़ाई हजार किलोमीटर की अपनी यात्रा के दौरान काकद्वीप, गंगासागर, कपिलमुनि आश्रम, नबद्वीप, मुर्शीदाबाद, फरक्‍का, सुल्‍तानगंज(भागलपुर), मुंगेर, पटना, आरा, बक्‍सर, वाराणसी, इलाहाबाद, श्रृंगवेरपुर, फतेहपुर,कानपुर, फतेहगढ़, कासगंज, नरोरा, भृगुआश्रम, ब्रजघाट, विदुरकुटी, हरिद्वार, उत्‍तर काशी होते हुए गंगोत्री तक जाएंगी। 

            सुश्री भारती नदी, सड़क, रेल, हवाई और पैदल मार्ग से इस यात्रा को पूरा करेंगी। अपनी इस यात्रा के दौरान वे कोसीपुर घाट,कपिलमुनि आश्रम (गंगासागर), गांधीघाट (बैरकपुर), डायमंडहार्बर, हुगली, नबद्वीप, मुर्शीदाबाद, सुल्‍तानगंज (भागलपुर), मुंगेर,आरा, बक्‍सर, श्रृंगवेरपुर, इलाहाबाद, फतेहगढ़, कासगंज, भृगुआश्रम, विदुर कुटी और गंगोत्री में आयोजित गंगा चौपाल में भी भाग लेंगी। 

         गंगा चौपाल में मंत्री नमामि गंगा परियोजना से जुड़े विभिन्‍न हितधारकों के साथ नमामि गंगे परियोजना को सफल बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगी। इनमें सरकारी, गैर–सरकारी संगठन, स्‍वयं सेवी संस्‍थाएं और स्‍थानीय निवासी शामिल होंगे।

मॉरीशस को पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति

          पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) धर्मेन्‍द्र प्रधान ने भारत की यात्रा पर आए मॉ‍रीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्‍नाथ से मुलाकात की।

        पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र प्रधान ने दो दिन की भारत की यात्रा पर आए मॉ‍रीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ से मुलाकात की। जनवरी 2017 में मॉरीशस के प्रधानमंत्री पद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री जगन्‍नाथ की यह पहली विदेश यात्रा है। बैठक के दौरान प्रधान ने हाइड्रोकार्बन के क्षेत्र में मॉरीशस के साथ चल रही बातचीत के बारे में चर्चा की। 2006 से भारत के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम वाली रिफायनरी –मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्‍स लिमिटेड (एमआरपीएल) मॉरीशस को पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति कर रही है। 

        वर्तमान में दोनों देश तेल और गैस के क्षेत्र में कार्य करने को लेकर परस्‍पर बातचीत कर रहे हैं। दोनों नेताओं ने मॉरीशस में प्राकृतिक गैस के क्षेत्र में सहयोग के बारे में बातचीत की। इस संदर्भ में दोनों नेताओं ने निर्णय लिया कि पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड(पीएलएल) का एक शिष्‍टमंडल जल्‍द ही मॉरीशस का दौरा करेगा। मॉरीशस में हितधारकों और अधिकारियों से बातचीत करेगा। अपने ‘विजन 2030’ के तहत मॉरीशस स्‍वयं को एक क्षेत्रीय हाइड्रोकार्बन व्‍यापार केन्‍द्र के रूप में विकसित करना चाहता है। बैठक के दौरान प्रधान ने मॉरीशस को उसकी ऊर्जा जरूरतों के संबंध में भारत की तरफ से लगातार सहयोग देने का वायदा किया। प्रधान ने मॉरीशस को तेल और गैस क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विकास के माध्‍यम से क्षेत्रीय पेट्रोलियम हब बनाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।

मनोरंजन के लिए प्रतिबद्ध दूरदर्शन

             सूचना प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार का पूरा ध्यान एकीकृत विकास, समेकित वृद्धि और सुशासन पर है। सरकार ने पिछले 3 साल में लोक कल्याण के लिए कई शुरुआत की है जिससे सबका साथ सबका विकास सुनिश्चित हो सके। 

        कई अहम सरकारी योजनाएं जिनका लोगों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा और देश में बड़ा बदलाव आया, उनकी सफलता को दर्शाने के लिए दूरदर्शन ने 14 लघु फिल्मों का निर्माण किया है. ये फिल्म देशभर में जमीनी स्तर पर आए बदलाव को सफलतापूर्वक और विस्तार से बताने में सफल रही है। केंद्रीय मंत्री ने अलग-अलग अहम सरकारी योजनाओं की सफलता पर दूरदर्शन द्वारा तैयार की गई 14 लघु फिल्मों के रिलीज के मौके पर आज ये बातें कही। नायडू ने कहा कि ये लघु फिल्में सभी दूरदर्शन केंद्रों पर हिंदी और दूसरी भारतीय भाषाओं में दिखाई जाएंगी जिसका लक्ष्य दूसरे लोगों को भी सरकारी योजनाओं के तहत लाभ लेने के लिए प्रेरित करना और इसकी जानकारी देना है। ये फिल्में सूचना मंत्रालय के दूसरे मीडिया यूनिट के जरिए भी दिखाईं जाएंगी ताकि देश के ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें।

             नायडू ने ये भी कहा कि सूचना प्रसारण मंत्रालय सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए मेकिंग ऑफ डेवलप्ड इंडिया यानि विकसित भारत निर्माण का एक उत्सव देशभर में मनाएगी जिसे मीडिया यूनिट के जरिए भी दिखाया जाएगा। दूरदर्शन की नई पहल फ्रीडिश पर वेंकैया नायडू ने कहा कि डीडी फ्री डिश सेवा देश में मौजूद सबसे बड़ी डीटीएच सेवा है। हाल के आंकड़ों के मुताबिक 2 करोड़ 20 लाख परिवार तक इसकी पहुंच है। सरकार ने इसकी पहुंच और बढ़ाने के लिए डीडी डिटिएच बॉक्स को राज्य सरकारों के जरिए देश के सुदूर और आंतरिक इलाकों खासकर नक्सल पीड़ित इलाकों में मुफ्त में देने की योजना बनाई है। 

                उन्होंने ये भी कहा कि सूचना प्रसारण मंत्रालय 10 हजार बॉक्स छत्तीसगढ़ सरकार को नक्सली इलाकों में वितरण के लिए देगा। दूरदर्शन द्वारा निर्मित लघु फिल्मों में निम्नलिखित विषय-वस्तु को ध्यान में रखा गया है। मिशन इंद्रधनुष, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और सॉयल हेल्थ कार्ड, सबका साथ सबका विकास, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्किल इंडिया, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, कौशल भारत कुशल भारत,   प्रधानमंत्री जन धन योजना, उज्जवल भारत के तहत राष्ट्रीय सोलर मिशन है। दूरदर्शन 28 मई 2017 को नई दिल्ली के एसियाड विलेज में एक स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन करने जा रहा है। 

             इसमें देश की जानी मानी खेल शख्सियतें, खेल संघ, खेल पत्रिकाओं और अखबारों के संपादक इसके लाइव प्रसारण के दौरान परिचर्चा में हिस्सा लेंगे। डीडी स्पोर्ट्स पर वाराणसी, गुवाहाटी और दूसरे जगहों के स्थानीय खिलाड़ी और राज्य खेल संघों के अधिकारी सीधे जुड़ेंगे और बातचीत करेंगे। इस खेल आयोजन में भारतीय खेल के भविष्य और स्थानीय खिल की गुणवत्ता को सुधारने के लिए नीति बनाने ताकि भारत आने वाले दिनों में खेल के क्षेत्र में मजबूती से उभरे, इस पर चर्चा होगी।