Monday, 7 August 2017

महिलाओं व बच्‍चों ने रक्षा बंधन पर प्रधानमंत्री की कलाई पर बांधी राखी

       समाज के विभिन्‍न वर्गों की महिलाओं व बच्‍चों ने रक्षा बंधन के अवसर पर प्रधानमंत्री के निवास पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात की। 

 उन्‍होंने प्रधानमंत्री की कलाई पर राखी बांधी। प्रधानमंत्री ने बच्‍चों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर सभी को अपनी शुभकामनाएं दीं।

दिल्ली के ग्रामीण इलाकों के युवाओं के लिए ग्रामीण मैराथन

        युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने यहां दिल्ली के ग्रामीण इलाकों के युवाओं के लिए पहली ग्रामीण मैराथन आयोजित की।

       यह मैराथन दिल्ली के निजामपुर गांव से तकरीबन 11,000 प्रतिभागियों के साथ शुरू हुई। अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित मशहूर बैडमिंटन कोच पी. गोपीचंद बतौर मुख्‍य अतिथि इस आयोजन का हिस्सा बने जिन्होंने मैराथन को झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ किया। 
   उन्होंने युवा प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। कहा कि यह खेल मंत्री विजय गोयल के नेतृत्व में खेल मंत्रालय की एक अनूठी पहल है। खेल मंत्रालय के इस अनोखे कदम की प्रशंसा करते हुए गोपीचंद ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से गांव-देहात में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही उन्हें भविष्य के लिए प्रशिक्षित किया जा सकेगा। 
          युवा मामले एवं खेल मंत्री विजय गोयल इस बारे में पहले ही कह चुके हैं कि इस तरह के खेल आयोजन आगे भी होते रहेंगे जहां प्रतिभावान युवाओं को देश का प्रतिनिधित्‍व करने के भरपूर अवसर मिलेंगे। गोयल ने कहा था कि आज भी हमारे खिलाड़ियों का ज्यादातर हिस्सा गांव-देहात से ही आता है।
      इसलि‍ए हमारे लिए ये बेहद अहम है कि हम इन युवाओं को अलग-अलग खेलों में प्रशिक्षित करें। इस मैराथन में पहले तीन स्थानों पर आने वाले धावकों को हर श्रेणी (बालक एवं बालिकाएं) में क्रमश: 21,000 रुपए, 11,000 रुपए औऱ 5000 रुपए दिए गए। इसके साथ ही 10 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। मंत्रालय आने वाले हफ्तों में इस तरह की कई और ग्रामीण मैराथन आयोजित करेगा।

रक्षाबंधन पर बधाई, परंपराओं में भी महिलाओं का सर्वोच्च स्थान

      भारत के उपराष्ट्रपति एम. हामिद अंसारी ने देशवासियों को रक्षाबंधन के पावन त्यौहार की शुभकामनाएं दी हैं। 

       रक्षाबंधन पर अपने एक संदेश में उपराष्ट्रपति ने कहा कि रक्षाबंधन भाईयों और बहनों के बीच प्यार और स्नेह का प्रतीक है। साथ ही ये हमारी परंपराओं में भी महिलाओं के सर्वोच्च स्थान को दर्शाता है। 
       अपने संदेश में उपराष्ट्रपति ने कहा, मैं देशवासियों को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।ये त्यौहार भाई और बहन के रिश्ते की प्रगाढ़ता और हमारी परंपराओं में महिलाओं के पूजयनीय स्थान का प्रतीक है। 
     आइए, रक्षाबंधन के इस मौके पर देश भर की महिलाओं के सम्मान और उनकी सुरक्षा के लिए खुद को प्रतिबद्ध करें।