Tuesday, 16 January 2018

मोटापा व कुपोषण देश की समस्याएं

      नई दिल्‍ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज नई दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के 45 वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘एम्स गुणवत्ता, प्रतिबद्धता और समृद्ध अनुभव का दूसरा नाम बन गया है। संकाय व चिकित्सकों साथ-साथ छात्र भी हमारे राष्ट्र और चिकित्सीय बिरादरी के गौरव हैं।’ 

   राष्ट्रपति ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को डॉक्टरों पर अत्यधिक भरोसा हैं। यह आप लोगों पर निर्भर है कि आप इस भरोसे को उचित सम्मान दें और करूणा व उचित देखभाल के साथ उन्हें चिकित्सकीय सेवा प्रदान करें।
    केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री जे.पी.नड्डा तथा एम्स, नई दिल्ली के अध्यक्ष भी इस अवसर पर उपस्थित थे। कार्यक्रम में 572 स्नातक छात्रों को डिग्री प्रदान की गई।
  स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रयासों की सरहाना करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए इन्द्रधनुष कार्यक्रम की मदद से स्वास्थ्य मंत्रालय प्रतिरक्षण-अंतर को समाप्त करने तथा सभी बच्चों को जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करने का प्रयास कर रहा है। हमारे देश में दोनों ही तरह की समस्याएं हैं- मोटापा और कुपोषण। इसके साथ ही हमारे देश में बच्चों तथा बुजुर्गों की बहुत बड़ी जनसंख्या है। ये दोनों समूह हमारी चिकित्सा प्रणाली के समक्ष चुनौतियां पेश करते हैं।
     केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी.नड्डा ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि प्रभावी, किफायती और कम लागत वाली चिकित्सा प्रणाली आज की जरूरत हैं। इस चुनौती का सामना करने के लिए एम्स अपने संकायों का विस्तार कर रहा है और सरकार इसे पूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है।
    उन्होनें कहा कि एम्स को पूरे विश्व में सम्मान के साथ पहचाना जाता है। श्री नड्डा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के प्रतिरक्षण के लिए 2014 में मिशन इन्द्रधनुष की शुरूवात की गई थी। अब तक 3.2 करोड़ बच्चों को प्रतिरक्षण की दवाई दी गई है। 5 वर्ष से कम उम्र वाले बच्चों की शिशु मृत्यु दर 2013 में 49 से घटकर 2016 में 39 हो गई है। 
    जे.पी.नड्डा ने चिकित्सा क्षेत्र में लाईफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार भी प्रदान किया। डा. पुरषोत्तम उपाध्याय, प्रोफेसर ललित मोहन नाथ, प्रोफेसर उषा नायर, डा. मेहरबान सिंह, प्रोफेसर इन्दिरा नाथ तथा प्रोफेसर एम.सी. माहेश्वरी ने पुरस्कार प्राप्त किया।

22 सालों में 12 लाख किसानों की मौत !

    नई दिल्‍ली। देश में 22 सालों में 12 लाख किसानों की मौतें हुयीं। किसानों की यह मौतें आर्थिक तंगहाली एवं कर्ज के कारण हुयीं। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने यह दावा नई दिल्ली में किया।

   समाजसेवी अन्ना हजारे ने कहा कि केन्द्र सरकार किसानों की लगातार उपेक्षा कर रही है। किसान पेंशन बिल लोकसभा में लम्बित है।
   उन्होंने महाराष्ट्र सदन में बातचीत के दौरान कहा कि किसानों एवं श्रमिकों के हित तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए 23 मार्च से सत्याग्रह किया जायेगा। सत्याग्रह की कोई भी धारा राजनीति या सत्ता की ओर नहीं जायेगी।
   सत्याग्रह में शामिल होने वाले सत्याग्रही शपथ-पत्र देंगे कि न राजनीतिक दल बनायेंगे, न राजनीतिक दल में शामिल होंगे। साथ ही कोई भी सत्ता का लाभ नहीं लेंगे। यदि इसके बाद वह कोई ऐसा कार्य करते हैं जिससे शपथ-पत्र का उल्लंघन हो तो उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जायेगी। ऐसे लोंगों को फिर न्यायालय में खींचेंगे।
    उन्होंने कहा कि किसानों को उपज खर्च से अधिक मूल्य मिलना चाहिए। किसान पेंशन बिल पास किया जाये। आर्थिक संकट का सामना कर रहे किसान को जीवकोपार्जन देना उसका संवैधानिक अधिकार है। संवैधानिक अधिकार किसान को मिलना चाहिए।

अब हज पर सब्सिडी नहीं !

    नई दिल्ली। अब हज पर सब्सिडी नहीं ! केंद्र सरकार ने इस वर्ष से हज यात्रियों को यात्रा पर मिलने वाले सब्सिडी खत्म करने का फैसला किया है। 

    अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि हज यात्रियों को 2018 से यात्रा सब्सिडी नहीं मिलेगी। 
  सरकार ने यह निर्णय उच्चतम न्यायालय के 2012 के फैसले के मद्देनजर किया है जिसमें हज सब्सिडी 2022 तक धीरे-धीरे खत्म करने का निर्देश दिया गया था।
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार दूसरे वर्ष भारत का हज कोटा बढ़ाने में सफलता मिली है। स्वतंत्रता के बाद पहली बार हज 2018 के लिए एक लाख 75 हजार और 25 श्रद्धालु भारत से जाएंगे।
   अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और सऊदी अरब मक्का सम्राज्य के हज और उमरा मंत्री द्वारा भारत और सऊदी अरब के बीच द्विपक्षीय वार्षिक हज 2018 समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद सऊदी अरब सरकार द्वारा 2018 के लिए भारत का हज कोटा बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
    अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि 3 वर्ष पहले भारत का हज कोटा 1,36,020 था। यह पिछले दो वर्षों में बढ़कर रिकार्ड 1 लाख 75 हजार और 25 हो गया है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता के कारण और श्री मोदी के नेतृत्व में सऊदी अरब तथा अन्य अरब देशों के साथ भारत के मित्रतापूर्ण और मजबूत संबंधों के कारण हुआ है।
     श्री नकवी ने बताया कि पिछले वर्ष भी सऊदी अरब ने भारत का हज कोटा 35 हजार बढ़ाया था। भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से श्री नकवी ने दो पवित्र मस्जिदों के कस्टोडियन महामहिम शाह सलमान बिन अब्दुल अजीज अल सउद तथा सऊदी अरब सरकार को भारत के हज कोटे में वृद्धि के लिए धन्यवाद दिया। 
    उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त सऊदी अरब ने समुद्री मार्ग से हज श्रद्धालुओं को भेजने के विकल्प को जीवित करने के भारत के निर्णय को हरी झंडी दी है। दोनों देशों के अधिकारी आवश्यक औपचारिकताओं और तकनीकों पर बातचीत करेंगे ताकि आने वाले वर्षों में समुद्री मार्ग से श्रद्धालु हज के लिए जा सकें।
  अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ने बताया कि हज 2018 के लिए 3 लाख 55 हजार आवेदन प्राप्त किए गए। श्री नकवी ने कहा कि पहली बार भारत से कोई मुस्लिम महिला मेहरम (पुरूष साथी) के बिना हज यात्रा पर जाएगी। 1300 से अधिक महिलाओं ने मेहरम के बिना हज यात्रा का आवेदन किया है और इन सभी महिलाओं को लॉटरी प्रणाली से छूट दी जाएगी तथा हज यात्रा पर जाने की अनुमति दी जाएगी। 
     नई भारतीय हज नीति के अनुसार 45 वर्ष से अधिक आयु की हज यात्रा करने की इच्छुक वैसी महिलाओं को जिनका कोई पुरूष साथी नहीं है उन्हें चार या उससे अधिक महिलाओं के समूह में हज यात्रा पर जाने की अनुमति होगी।
  

अब खेल क्रांति का बिगुल फूंका

   नई दिल्‍ली। खेलों में जन भागीदारी को प्रोत्‍साहित करने एवं उत्‍कृष्‍टता को बढ़ावा देने के लिए युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने यहां खेलो भारत गान का अनावरण किया जो 31 जनवरी, 2018 से आरंभ होगा। 

    खेलो भारत स्‍कूल खेल, खेलो भारत आरंभ करने का पहला कार्यक्रम होग जो समग्र खेल विकास कार्यक्रम का एक परिभाषित मानदंड है। भारत का अग्रणी खेल प्रसारक चैनल स्‍टार स्‍पोर्ट्स इससे एक ब्रॉडकास्‍टर पार्टनर के रूप में जुड़ा है।
    युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्‍यवर्द्धन सिंह राठौर ने खेलो भारत गान का अनावरण किया जो एक उत्‍साहजनक रचना है और देश में समृद्ध खेल संस्‍कृति के पोषण के इस कार्यक्रम के विजन के अनुरूप है।
    इस अवसर पर कर्नल राज्‍यवर्द्धन सिंह राठौर ने कहा कि खेलो भारत एक अनोखा कार्यक्रम है जो एक मजबूत खेल प्रणाली के निर्माण पर केंद्रित है और एथलीटों के दीर्घकालिक पेशेवराना विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हम इस पहल को जहां तक संभव है, देश के अधिक से अधिक खिलाडि़यों एवं आकांक्षियों तक ले जाना चाहते हैं। खेलो भारत स्‍कूल खेल युवाओं की भागीदारी को प्रोत्‍साहित करने के द्वारा इस आंदोलन में मुख्‍य भूमिका निभाएगा।
    उन्‍होंने कहा कि हम खेलो भारत के जरिये खिलाडि़यों की बेंच ताकत बढ़ाएंगे यानी अतिरिक्‍त खिलाडि़यों का निर्माण करेंगे। पहली बार इन खेलों का प्रसारण स्‍टार स्‍पोर्ट्स पर किया जाएगा जो और अधिक युवाओं को प्रोत्‍साहित करेगा जो आगे आने वाले वर्षों में इस खेल क्रांति का एक हिस्‍सा बनेंगे। स्‍टार इंडिया के प्रबंध निदेशक संजय गुप्‍ता भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
   इस गान की अवधारणा ओगिलवाई द्वारा बनाई गई है, इसे लुइस बैंक द्वारा कंपोज किया गया है तथा इस फिल्‍म का निर्माण निर्वाणा फिल्‍म्स द्वारा किया गया है। खेलो भारत स्‍कूल खेल का आयोजन जवाहर लाल नेहरू स्‍टेडियम, इंदिरा गांधी स्‍टेडियम कांपलेक्‍स, मेजर ध्‍यान चंद नेशनल स्‍टेडियम, करनी सिंह शूटिंग रेंज एवं डॉ. एसपीएम स्विमिंग कांपलेक्‍स सहित पूरी दिल्‍ली में विभिन्‍न स्‍थानों पर किया जाएगा।
    स्‍कूली खेलों में तीरंदाजी, एथलेटिक्‍स, बैडमिंटन, बास्‍केटबॉल, मुक्‍केबाजी, फुटबॉल, जिम्‍नास्टिक्‍स, हॉकी, जूडो, कबड्डी, खो-खो, निशानेबाजी, तैराकी, वॉलीबॉल, भारोत्‍तोलन एवं कुश्‍ती जैसी 16 खेल स्‍पर्धाएं शामिल हैं।