Monday, 4 September 2017

प्रशासनिक अधिकारी को सहानुभूति रखने वाला, कुशल, निष्पक्ष व ईमानदार होना चाहिए

        उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा है कि प्रशासनिक अधिकारी को सहानुभूति रखने वाला, कुशल, निष्पक्ष और ईमानदार चाहिए। यह सब वो निर्देशित सिद्धांत हैं जो उच्च सिविल सर्विसेज का सुदृढ़ आधार बनाते हैं। 

      उपराष्‍टपति हैदराबाद में डॉ. मरी चेन्ना रेड्डी मानव संसाधन विकास संस्थान, तेलंगाना में एआईएस और सीसीएस अधिकारियों के लिए 92वें फाउंडेशन कोर्स का उद्घाटन करने के बाद वहां मौजूद लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री मोहम्मद महमूद अली, एमसीआरएचआरडीआईटी के निदेशक बी पी आचार्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
    उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश में अखिल भारतीय प्रशासनिक सेवा की स्थापना का श्रेय पहले गृह मंत्री और लौह पुरुष सरदार पटेल को जाता है। 
     उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी जोड़ने वाली ताकत हैं जो कई तरह से बंटे देश को एकजुट कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय नागरिक खासकर वंचितों के जीवन में सुधार के लिए सभी संभव अवसरों का इस्तेमाल करने की जरूरत है।
      उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता और समेकित विकास का बड़ा दृष्टिकोण रखते हुए निष्पक्ष होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अन्त्योदय का दृष्टिकोण रखते हुए बिना किसी भेदभाव के सभी की सेवा करनी चाहिए जैसा कि गांधीजी, डॉ अंबेडकर और दीन दयाल उपाध्याय ने किया था। 
       उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश प्रशासनकि अधिकारियों से प्रदर्शन और एकता के उच्च स्तर की उम्मीद करता है। देश के युवा प्रशासनिक अधिकारियों को रोल मॉडल के रुप में देखता है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी भ्रष्टाचार मिटाएं और नये भारत का लक्ष्य हासिल करने में उत्प्रेरक की भूमिका निभाएं।  

आजादी के आंदोलन की तरह हो नए भारत का संकल्प

         केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में देश की आजादी के लिए खातिर लिए गए संकल्प की तर्ज पर नया भारत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि जब देश की आजादी का संकल्प पूरा हो सकता है तो नया भारत में भारत का संकल्प पूरा क्यों नहीं हो सकता। 

     गृहमंत्री ने यहां पर्यटन भवन में नया भारत-हम करके रहेंगे चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद संबोधन में कहा कि संकल्प में बहुत बड़ी ताकत होती है। महात्मा गांधी जैसे व्यक्तित्व ने करो या मरो का नारा दिया था और उसे एक संकल्प के रूप में लोगों के मन में बैठा दिया था। 
     राजनाथ सिंह ने कहा कि 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन का संकल्प इतना तीव्र हुआ कि पांच साल बाद 1947 में भारत माता गुलामी की बेड़ियों से आजाद हो गई। अगर उस संकल्प से भारत आजाद हो सकता है तो वर्ष 2017 में लेकर वर्ष 2022 में हम नए भारत का संकल्प क्यों नहीं पूरा कर सकते।
    गृहमंत्री ने कहा कि अगर देश एक राष्ट्रीय संकल्प के साथ उठ खड़ा हो तो 2022 तक नया भारत बनाया जा सकता है। साथ ही कहा कि देश की आजादी भी किसी एक पार्टी के आंदोलन का परिणाम नहीं थी। वह भी एक राष्ट्रीय संकल्प का ही नतीजा था। हम सभी लोग मिलकर स्वच्छ भारत गरीबी मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त, आतंकवाद मुक्त, संप्रदाय मुक्त, जातिवाद मुक्त भारत का संकल्प लें तो नए भारत का निर्माण तय समय में किया जा सकता है। 
     राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत का अपने मूल्यों के प्रति अखंड रहना जरूरी है। इसके जरिए हम जाति मुक्त और संप्रदाय मुक्त भारत बना पाएंगे। जो बराबरी के व्यापक दृष्टिकोण की पैरोकारी करता होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता आंदोलन की शुरुआत की थी लेकिन इसे जन आंदोलन का रूप देने का श्रेय प्रधानमंत्री को जाता है।
        सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के संकल्प के कारण ही अभी तक 800 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति ज़ब्त की जा चुकी है और करीब पौने तीन लाख फर्जी कंपनियों पर ताला लग चुका है। गृहमंत्री ने इस मौके पर उपस्थित लोगों को नया भारत-हम करके रहेंगे की शपथ भी दिलाई।

1000 ई-रिक्‍शा स्‍मार्ट ई का पहला जत्‍था गुरूग्राम से रवाना

         सड़क परिवहन तथा राजमार्ग, शिपिंग और जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी ने गुरूग्राम के हुडासिटी सेंटर से 1000 ई रिक्‍शा के पहले जत्‍थे को झंडी दिखाकर रवाना किया।

       इस अवसर पर गडकरी ने कहा कि ई रिक्‍शा से गुरूग्राम की परिवहन प्रणाली का न केवल कम खर्च में बल्‍कि प्रदूषण रहित विकल्‍प मिलेगा बल्‍कि वंचित युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्‍ध कराएगा। 
     उन्‍होंने कहा कि बिजली से सार्वजनिक परिवहन चलाना देश की आवश्‍यकता है। उनका मंत्रालय इसे शीघ्र उपलब्‍ध कराने के लिए संकल्‍पबद्ध है। ई रिक्‍शा बेड़े का संचालन स्‍मार्ट ई ब्रांड के अंतर्गत दिल्‍ली मेट्रो के साथ साझेदारी में ट्रेजर वेस वेंचर्स प्राइवेट लि. द्वारा किया जा रहा है।
       स्‍मार्ट ई से क्षेत्र में अंतिम छोर तक परिवहन संपर्क उपलब्‍ध होगा। ई रिक्‍शा भारत में बनाए गए हैं। जीपीएस तथा ट्रैकिंग प्रणाली से लैस हैं। स्‍मार्ट ई ने हरियाणा सरकार (एचएसआईआईडीसी) तथा दिल्‍ली मेट्रो रेल कारपोरेशन के साथ साझेदारी में गुरूग्राम और फरीदाबाद में 2017 में 1000 वाहन लांच करेगा। इससे अगले 4-5 वर्षों में एक लाख वंचित युवाओं को स्‍वरोजगार के अवसर मिलेंगे।

तय प्राथमिकताओं पर काम, लक्ष्‍यों की प्राप्‍ति के लिए शक्‍ति लगाएंगे

      नए आवास और शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि शहरी आवास और विकास की चुनौतियां विशाल हैं और मैं विभिन्‍न नए शहरी मिशनों के अंतर्गत लक्ष्‍यों की प्राप्‍ति में भरपूर योगदान करना चाहता हूं। निर्माण भवन में पदभार ग्रहण करने के बाद पुरी ने मीडिया से बातचीत की। 

    अपनी प्राथमिकताओं की चर्चा करते हुए पुरी ने कहा कि शहरी क्षेत्र के लिए प्राथमिकताओं को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पहले ही तय कर दिया है और मैं उन्‍हीं प्राथमिकताओं पर काम करना चाहूंगा। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री अनेक दृष्‍टि से परिवर्तनकारी हैं और नए मंत्री प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए लक्ष्‍यों की प्राप्‍ति के लिए अपनी शक्‍ति लगाएंगे। 
     पुरी ने कहा कि आवास और शहरी विकास मंत्रालय मूल रूप से विकास परक मंत्रालय है और पिछले तीन वर्षां में लांच किए गए विभिन्‍न नए शहरी मिशन जमीनी स्‍तर पर अच्‍छा कार्य कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि मुझे इस बात में कोई संदेह नहीं कि हम निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्‍य प्राप्‍ति की राह पर हैं।
    विभिन्‍न मिशनों के अंतर्गत लक्ष्‍य प्राप्‍त करने की चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर पुरी ने कहा कि हमारे सामने दो प्रकार के लक्ष्‍य हैं। कुछ लक्ष्‍यों को 2019 तक और कुछ को 2022 तक हासिल करना है। यदि चुनौतियों का समाधान दो वर्ष में नहीं किया जा सकता, तो 6 वर्षों में भी इसका समाधान नहीं किया जा सकता।
       उन्‍होंने कहा कि जमीनी स्‍तर पर कार्य की प्रगति को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि लक्ष्‍यों की प्राप्‍ति हो सकती है। नए आवास मंत्री ने दो घंटे तक प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा की और 2022 तक सभी जरूरतमंद शहरी लोगों को पक्‍का मकान सुनिश्‍चित करने के लक्ष्‍य के विभिन्‍न पहलुओं के बारे में जानकारी हासिल की।
       उन्‍होंने शहरी क्षेत्रों में किफायती मकानों की अनुमानित मांग के बारे में जानकारी ली और आवास क्षेत्र में अच्‍छा कार्य प्रदर्शन और अच्‍छा प्रदर्शन नहीं करने वाले राज्‍यों के बारे में कारण सहित जानकारी ली। पुरी कल 8.50 किलोमीटर की ट्रांसपोर्ट नगर और चारबाग के बीच शुरू होने वाली लखनऊ मेट्रो सेवा के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे।

भारत के कौशल विकास में तेजी लाने का संकल्‍प

       कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान और कौशल विकास और उद्यमिता राज्‍यमंत्री अनंतकुमार हेगडे ने कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय में अपने-अपने पदों का कार्यभार संभाल लिया।

    मीडिया के साथ बातचीत में कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान ने कहा, मैं इस बात से अत्‍यंत अभिभूत हूं कि प्रधानमंत्री ने भारत के कौशल विकास मिशन के संचालन की जिम्‍मेदारी मुझे सौंपी है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उनकी उम्‍मीदों पर खरे उतरें। 
    उनके मन में एक परिकल्‍पना है कि हम युवाओं को सम्‍मानजनक रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए नया माहौल तैयार करें। यह नीतियों से संचालित मंत्रालय है और पिछले तीन वर्षों में हम देश में कौशल विकास की बुनियाद रखने में कामयाब रहे हैं। हम अपने राज्‍यों, विभागों, निजी संस्‍थाओं और कौशल विकास के दूसरे मौजूदा कार्यक्रमों में तालमेल और समन्‍वय के जरिए इसके पैमाने और रफ्तार में तेजी लाने के लिए प्रयास करेंगे। 
   ये बहुत बड़ी जिम्‍मेदारी है, और किसी चुनौती से कम नहीं है। हम कमियों को दूर करने और युवाओं का उज्‍ज्‍वल भविष्य सुनिश्चित करने के लिए कार्य करेंगे। हम देश में तमाम संभव ग्रिड प्रणालियों, सूचना प्रणालियों, टेक्‍नोलाजी संबंधी खोजों, परम्‍परागत रोजगारों और नये जमाने के कौशलों का पता लगाका उनमें तालमेल कायम करेंगे ताकि हमारे कार्यक्रमों तथा हमारी कौशल विकास योजनाओं के और भी बेहतर नतीजे सामने आ सकें।
     प्रधानमंत्री की परिकल्‍पना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त करते हुए कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री अनंतकुमार हेगडे ने कहा, मैं राज्‍य मंत्री बनाए जाने को राष्‍ट्र की सेवा करने के एक बड़े मौके के तौर पर देखता हूं। मुझे पूरा यकीन है कि धर्मेन्‍द्र प्रधान के दिशानिर्देश में हम पहले से निर्धारित कार्यसूची के अनुसार कार्य करेंगे और इस कार्य का उचित खाका तैयार करेंगे ताकि कौशल के माहौल में और अधिक कार्यकुशलता आए। 
        प्रधान ने यह भी कहा कि हरएक सरकार रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी चाहती है। यह मंत्रालय अच्‍छा कार्य करता आ रहा है और हम लक्ष्‍यों को प्राप्‍त करने के काम को जोरदार तरीके से आगे बढ़ाएंगे। हर महीने 10 लाख से अधिक युवा रोजगार के बाजार में दाखिल हो रहे हैं।
       हमारा बुनियादी लक्ष्‍य यह होगा कि सभी क्षेत्रों और राज्‍यों को जोड़कर एक ग्रिड तैयार किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि युवाओं की आकांक्षाएं भली भांति पूरी हों। पद का कार्यभार संभालने के बाद दोनों मंत्रियों ने मंत्रालय के अधिकारियों के साथ विस्‍तृत समीक्षा बैठक की। 

प्रयास कि राष्‍ट्र के सभी नागरिक स्‍वस्‍थ रहें

       अश्विनी कुमार चौबे ने केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण राज्‍य मंत्री का पद भार आज ग्रहण किया। सचिव, स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय, सचिव, आईसीएमआर, महानिदेशक, स्‍वास्‍थ्‍य सेवा महानिदेशालय तथा अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारियों ने मंत्री जी का कार्यालय में स्‍वागत किया और उन्‍होंने मंत्रालय के कार्यकलापों के बारे में अवगत कराया ।

     उन्‍होंने आश्‍वस्‍त किया कि मंत्रालय की ओर से राज्‍य मंत्री जी को पूरा सहयोग मिलेगा। तत्‍पश्‍चात मंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण राज्‍य मंत्री के रूप में प्रधानमंत्री और स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री के मार्गदर्शन में वे हर संभव प्रयास करेंगे कि राष्‍ट्र के सभी नागरिक स्‍वस्‍थ रहें।
  उन्‍होंने इस अवसर पर सभी मीडियाकर्मियों और अधिकारियों को धन्‍यवाद दिया और आशा व्‍यक्‍त की कि उनका पूरा सहयोग उन्‍हें मिलता रहेगा ताकि स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का लाभ आम जन तक पहुंचाया जा सके।

ई-वेस्ट प्रबन्धन की भागीदारी का संदेश

      इलेक्ट्रोनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया गया। मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अति उत्साह और सक्रिय भागीदारी से इसमे हिस्सा लिया। इस आयोजन के लिए दिवस अनुसार कार्य योजना तैयार की गई। 

     इस योजना को बेहतर ढंग से कार्यान्वित किया गया जो प्रेरणादायी रही। इलेक्ट्रोनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी एवं विधि व न्याय राज्य मंत्री पी.पी. चौधरी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई और हमारे नित्य प्रतिदिन के कार्यकलापों में स्वच्छता के महत्व को दर्शाते हुए संदेश दिया।
  चौधरी ने अनुरोध किया कि सभी कर्मचारी व अधिकारी प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत विजन को समझे और स्वच्छता बनाए रखें व हरित पर्यावरण को बढ़ावा दे। भारत सरकार के प्रयासों के एक भाग के रूप में नवीकरणीय ऊर्जा कार्यक्रम के तहत श्री चौधरी ने 200 किलोवॉट के रूफ टाप सोलर पावर सयंत्र का उद्घघाटन भी किया। 
    इसे हाल ही में इलेक्ट्रोनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के इलेक्ट्रोनिक निकेतन भवन में स्थापित किया गया है। स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़े सफाई के संदेश के लिए स्वच्छता पखवाड़ा में मन्त्रालय के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी बढ़ाने के लिए स्वच्छ भारत संदेश और नारे लिखे गए और जगह-जगह यह संदेश लगाए गए। पुराने और बेकार इलेक्ट्रोनिक्स उपकरणों के निप्टान के कारण पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में जागरूकता पैदा करने और इन इलेक्ट्रोनिक उपकरणों के निपटान के सही तरीकों और साधनों के लिए ई-वेस्ट प्रबन्धन पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। 
         पेपर रहित कार्यालय के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अधिकारियो व कर्मचारियों को ई-कार्यालय की कार्यशैली पद्धति के बारे में जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण कक्षा चलाई गई। हरित सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल वातावरण को हासिल करने के लिए मंत्रालय और इसके विभिन्न कार्यालयों में प्लास्टिक के प्रयोग को न्यूनतम करने के लिए परिपत्र जारी किया गया। 
    भवन की 40 प्रतिशत लाईट्स को एलईडी लाईट्स में परिवर्तित किया गया। पूरे कार्यालय परिसर में स्वच्छता से सम्बद्ध कार्यकलापों को बढ़ाया गया। प्राकृतिक खाद बनाने के लिए वर्मि कम्पोस्टिंग गड्डा भी खोदा गया। इसके अतिरिक्त कुछ विशेष कदम इस प्रकार रहे- एनआईसी ने स्वच्छ भारत मिशन कार्यकलापों पर कार्यशाला संचालित की। स्वच्छ भारत पर प्रगतिशील विचारों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
        एनईआईएलआईटी एवं इसके उप केन्द्रो ने ई वेस्ट प्रबन्ध पर निबन्ध और नारे (स्लोगन) लेखन प्रतियोगिता व कार्यशाला संचालित की और सफाई पर संदेश भी दिया। एनईडीडी ने मेरा भारत स्वच्छ भरात विषय पर 12 अगस्त, 2017 को विज्ञापन/प्रेरणा वाक्य प्रतियोगिता संचालित की जिसमे विभिन्न निकटवर्ती विद्यालयों के छात्रों ने हिस्सा लिया।