Friday, 30 August 2019

बैंकों का आपस में विलय

   केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए कई बैंकों के आपस में विलय का ऐलान किया है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यूनाइटेड बैंक, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स और पंजाब नेशनल बैंक का विलय होगा।


   दूसरी तरफ, केनरा बैंक और सिंडिकेट बैंक का भी आपस में विलय किया जाएगा। इसी तरह यूनियन बैंक, आंध्रा बैंक और कॉरपोरेशन बैंक का भी विलय किय़ा जाएगा। इंडिय़न बैंक और इलाहाबाद बैंक का भी आपस में विलय होगा।
   केंद्र सरकार के इस बड़े ऐलान के साथ ही अब देश में सरकारी बैंकों की संख्या घटकर 12 रह जाएगी। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने जो फ़ैसले लिए थे, उन पर अमल की शुरुआत हो गई है।

नया भारत 130 करोड़ भारतीयों की आवाज

   प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि नए भारत की भावना नए क्षेत्रों में दिखाई दे रही है, चाहे खेल हो या स्‍टार्टअप। 

   उन्‍होंने कहा कि छोटे शहरों और गांवों के साहसी युवा अपनी आकांक्षाओं को उत्‍कृष्‍टता में बदल रहे हैं और भारत को गौरव प्रदान कर रहे हैं। यह वैसा भारत है जहां किसी भी व्‍यक्ति के लिए भ्रष्‍टाचार विकल्‍प नहीं है। केवल सक्षमता ही तौर-तरीका है। उन्‍होंने बल देते हुए कहा कि नया भारत प्रत्‍येक 130 करोड़ भारतीयों की आवाज है।
   उन्‍होंने कहा कि मीडिया मंचों के लिए महत्‍वपूर्ण है कि वह जनता की आवाज को सुने। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज वीडिया कॉफ्रेंसिंग के माध्‍यम से कोच्चि में आयोजित मलयाला मनोरमा कॉनक्‍लेव 2019 को सम्‍बोधित किया। 
  प्रधानमंत्री ने केरल के लोगों को और अधिक जागरूक बनाने और भारत के स्‍वतंत्रता आंदोलन में समर्थनकारी भूमिका के लिए मलयाला मनोरमा के योगदान की प्रशंसा की। सम्‍मेलन का विषय ‘नया भारत’ के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि नए भारत के मूल में व्‍यक्तिगत आंकाक्षाएं, सामूहिक प्रयास और राष्‍ट्रीय प्रगति के लिए स्‍वामित्‍व की भावना है।
   उन्‍होंने बल देते हुए कहा कि नया भारत भागीदारी मूलक लोकतंत्र, नागरिक केन्द्रित सरकार और नागरिकों की सक्रियता के बारे में है। उन्‍होंने कहा कि नया भारत उत्‍तरदायी जनता और उत्‍तरदायी सरकार का युग है। सरकार द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने विभिन्‍न प्रयासों जैसे जीवन की सुगमता, मूल्‍यों को नियंत्रित रखना, पांच वर्षों में 1.25 करोड़ मकान बनाना, सभी गांवों का विद्युतीकरण, प्रत्‍येक परिवार को पेयजल उपलब्‍ध कराना और स्‍वास्‍थ्‍य तथा शिक्षा की आधारभूत ढांचा में सुधार का जिक्र किया। उन्‍होंने बताया कि 36 करोड़ बैंक खाते खोले गए हैं, छोटे उद्यमियों को 20 करोड़ ऋण दिए गए हैं, आठ करोड़ से अधिक गैस कनेक्‍शन से धुआं रहित रसोई सुनिश्चित हुई है और सड़क बनाने की गति‍ दोगुनी हुई है।
   प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में भावना किस तरह बदली है इसका उल्‍लेख सिर्फ दो शब्‍दों में किया जा सकता है। पांच वर्ष पहले लोग पूछते थे कि क्‍या हम कर पायेंगे? क्‍या हम गंदगी से कभी मुक्‍त होंगे? क्‍या हम नीतिगत निर्बलता समाप्‍त कर पायेंगे? क्‍या हम कभी भ्रष्‍टाचार मिटा पायेंगे? आज लोग कह रहे हैं कि हम करेंगे, हम स्‍वच्‍छ भारत होंगे, हम भ्रष्‍टाचार मुक्‍त राष्‍ट्र होंगे, हम सुशासन को जनांदोलन बनायेंगे। पहले ‘करेंगे’ शब्‍द निराशावादी संदेश देता था अब यही शब्‍द युवा राष्‍ट्र की आशावादी भावना को व्‍यक्‍त करता है।
   प्रधानमंत्री ने अपनी हाल की बहरीन यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्‍हें बहरीन की यात्रा करनेवाले प्रथम भारतीय प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्‍त हुआ। उन्‍होंने बताया कि उनकी यात्रा का प्रमुख आकर्षण वहां की जेलों में बंद 250 भारतीय लोगों को क्षमा दान करने का शाही परिवार का निर्णय है। प्रधानमंत्री ने संयुक्‍त अरब अमीरात में रुपे कार्ड लॉन्‍च किए जाने का जिक्र किया और कहा कि इससे खाड़ी में काम करने वाले लाखों लोगों को लाभ होगा, जो पैसा स्‍वदेश भेजते हैं।

डेढ़ लाख से अधिक आरोग्य केन्द्रों की योजना

   प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आधुनिक क्षेत्र के अलावा आयुष के लिए भी अधिक से अधिक प्रोफेशनलों को लाने के लिए आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं।
 
  उन्होंने आयुष-ग्रिड बनाने के विचार की सराहना करते हुए कहा कि इससे इस क्षेत्र की कमियां दूर करने में मदद मिलेगी।
  प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार देश में डेढ़ लाख से अधिक आरोग्य केन्द्रों की योजना बनाने के संदर्भ में आयुष को ध्यान में रख रही है। उन्होंने कहा कि 12.5 हजार आयुष आरोग्य केन्द्रों की योजना बनाई गई है, जिनमें से इस साल लगभग 4,000 केन्द्र खोल दिए जाएंगे।
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में योग के संवर्धन और विकास के लिए शानदार योगदान करने वालों को योग पुरस्कार प्रदान किए। इन पुरस्कारों की घोषणा रांची में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर की गई थी। इसके साथ आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पिछले वर्ष के दो विजेता भी शामिल हैं। 
   प्रधानमंत्री ने आयुष प्रणाली के महान और दिग्गज चिकित्सकों की उपलब्धियों और उनके योगदान के मद्देनजर उनकी स्मृति में 12 डाक टिकटों का एक सेट भी जारी किया। प्रधानमंत्री ने हरियाणा में स्थित 10 आयुष स्वास्थ्य और आरोग्य केन्द्रों की भी शुरूआत की।
   उल्लेखनीय है कि आयुष मंत्रालय ने अगले तीन वर्षों में 12,500 आयुष स्वास्थ्य और आरोग्य केन्द्र खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्ष 2019 योग पुरस्कार विजेताओं के नाम इस प्रकार हैं- व्यक्तिगत-राष्ट्रीय वर्ग में गुजरात के लाइफ मिशन के स्वामी राजर्षि मुनि, व्यक्तिगत-अंतर्राष्ट्रीय वर्ग में इटली की सुश्री एंतोनिता रोज़ी, संगठन-राष्ट्रीय वर्ग में मुंगेर, बिहार का योग विद्यालय, संगठन-अंतर्राष्ट्रीय वर्ग में जापान का योग निकेतन। 2018 योग पुरस्कार विजेताओं में व्यक्तिगत-राष्ट्रीय वर्ग में नासिक के विश्वास मांडलीक और संगठन-राष्ट्रीय वर्ग का योग संस्थान, मुंबई शामिल है। 
  आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीपद येसो नाइक ने प्रधानमंत्री योग पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि योग स्वास्थ्य की जमानत है, जिसके लिए हमें कोई पैसा खर्च नहीं करना पड़ता। इस क्षेत्र के महान दृष्टाओं के योगदान को याद करते हुए श्री नाइक ने कहा, ‘इन दिग्गज चिकित्सकों का योगदान अतुलनीय है।