Friday, 17 November 2017

स्वतन्त्रता के मूलभूत मूल्यों का अनुसरण करना चाहिए

    नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया ने कहा कि वर्तमान में पत्रकारों को सटीकता, निष्पक्षता, वस्तुपरकता, समाचार के महत्व एवं स्वतन्त्रता के मूलभूत मूल्यों का अनुसरण करना चाहिए।

   वह यहां राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर भारतीय प्रेस परिषद के समारोह के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। 
  इस अवसर पर केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा कपड़ा मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
  उपराष्ट्रपति ने कहा कि जब अंग्रेजों के खिलाफ स्वतंत्रता की लड़ाई में गति आई तो प्रेस लोगों की आकांक्षाओं और उनकी उम्मीदों को स्वर देने का एक महत्वपूर्ण वाहक बन गया। 
     उन्होंने यह भी कहा कि कई समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं, विशेष रूप से भाषायी समाचार पत्रों ने स्वतंत्रता आन्दोलन में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
   उपराष्ट्रपति ने कहा कि पत्रकारिता एक महान व्यवसाय है और आप सभी लोग इस व्यवसाय के ध्वजावाहक हैं जिन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि लोगों को सही और निष्पक्ष जानकारी मिले।

टीबी ग्रसित लोगों की संख्या 28.2 लाख से घटकर अब 27 लाख

   नई दिल्ली। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने संशोधित राष्ट्रीय टीबी नियंत्रण कार्यक्रम (आरएनटीसीपी) के अन्तर्गत हाल में पूरे देश में तपेदिक रोग पीडितों के लिए दवा की दैनिक खुराक व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। 

   मंत्रालय ने पहले तपेदिक बीमारी के इलाज के लिए दवा की खुराक सप्ताह में तीन बार लेने को कहा था लेकिन अब टीबी रोगियों के लिए इलाज में बदलाव करने का निर्णय लिया गया है और इलाज के लिए मिश्रित दवाओं की तय खुराक का इस्तेमाल करते हुए सप्ताह में तीन बार के स्थान पर दैनिक खुराक की व्यवस्था की गई है।
    इस परिवर्तन से तपेदिक बीमारी से लडने के दृष्टिकोण में बदलाव आयेगा। तपेदिक के कारण प्रत्येक वर्ष 4.2 लाख लोग मर जाते हैं। तपेदिक रोधी दैनिक मिश्रित दवा खुराक निजी फार्मेसी और प्राइवेट प्रेक्टिस करने वाले डाक्टरों को उपल्बध करवाई जाएगी ताकि दवाओं की खुराक उन रोगियों को दी जा सके जो निजी क्षेत्र में अपनी सुविधा अनुसार इलाज करा रहे हैं।
    स्वास्थ्य मंत्रालय टीबी के सभी मरीजों तक मिश्रित दवाओं की तय खुराक दैनिक रूप से उपलब्ध कराने के लिए इसका विस्तार सभी बड़े अस्पतालों, आईएमए, आईएपी, तथा पेशेवर चिकित्सा संगठनों तक करेगा। इलाज के इस तरीके की विशेषता यह है कि सभी रोगियों को निरंतर चरणों में इथैन ब्यूटॉल दिया जाएगा।
   दवायें रोजाना दी जाएंगी। दवायें पहले सप्ताह में तीन बार दी जाती थी। मिश्रित दवाओं की तय खुराक से मरीजों को कम गोलियां खानी पडेंगी उन्हें पहले सात अलग-अलग टैबलेट खाने पडते थे। बच्चों के लिए घुलनशील टैबलेट होंगे।
     विश्व स्वास्थ्य संगठन की वैश्विक टीबी रिपोर्ट 2017 में कहा गया है कि टीबी ग्रसित लोगों की संख्या 28.2 लाख से घटकर 27 लाख हो गई है और पिछले एक वर्ष में मृत्यु में 60 हजार की कमी आयी है। भारत सरकार का टीबी रोधी अभियान की पुष्टि है।

महिला मुद्दों पर ध्‍यान देना आवश्‍यक

      नई दिल्ली। उपराष्‍ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा है कि देश में महिलाओं के मुद्दों पर ध्‍यान देना आवश्‍यक है। 

    उन्‍होंने आज यहां भारतीय विधि आयोग के पूर्व संयुक्‍त सचिव तथा ‘जर्नी ऑफ वीमेन लॉ रिफॉर्म्‍स एंड दी लॉ कमीशन ऑफ इंडिया’ नामक पुस्‍तक के लेखक डॉ पवन शर्मा द्वारा उक्‍त पुस्‍तक की प्रति प्राप्‍त करते हुए यह कहा।
    उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि लेखक ने अपनी पुस्‍तक में शानदार विशलेषण किया है। उन्‍होंने कहा कि इस तरह के अध्‍ययनों से वैवाहिक कानून, संपत्ति कानून, विरासत के कानून, उत्‍तराधिकार सहित अप्रवासी भारतीयों के विवा‍ह तथा यौन हिंसा जैसे मुद्दों पर ध्‍यान देने में विशेष सहायता मिलेगी। 
     उन्‍होंने आशा व्‍यक्‍त की कि इस पुस्‍तक से आने वाले वर्षों में महिला मुद्दों पर ध्‍यान देने के लिए लोगों को प्ररेणा मिलेगी।