Wednesday, 10 March 2021

सोना उगलेगी बुंदेलखंड की धरती

     महोबा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बुंदेलखंड की धरती आने वाले दिनों में सोना उगलेगी। अर्जुन सहायक नहर परियोजना की इसमें बड़ी भूमिका होगी। बुंदेलखंड को जिस विकास की आस थी, उसे वह हक मिलना ही चाहिए।

   

     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को महोबा जनपद में अर्जुन सहायक परियोजना के लहचूरा बांध का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2600 करोड़ रुपये की लागत वाली अर्जुन सहायक परियोजना से महोबा, हमीरपुर और बांदा जिले के करीब 1.5 लाख किसानों के जीवन में खुशहाली आएगी। शीघ्र ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसका लोकार्पण कराया जाएगा। धसान नदी पर बनी इस परियोजना से महोबा, बांदा और हमीरपुर के 168 गांवों के किसानों को सिंचाई और चार लाख लोगों को शुद्ध पेयजल मिलेगा।15000 हेक्टेयर क्षेत्रफल में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इस परियोजना के तहत 44381 हेक्टेयर सिंचाई नवसिंचन क्षमता का विस्तार होना है।

    नदी भारत की संस्कृति और परंपरा : सीएम योगी ने कहा कि नदी भारत की संस्कृति व परंपरा व जल के पवित्र स्रोत का आधार रही है। हर नदी को मां का संबोधन देकर गंगा मैया की तरह हमने पूजा है। देशकाल व परिस्थिति के अनुरूप एक-एक बूंद जल का नियोजन होना चाहिए था। लेकिन आजादी के बाद तत्कालीन सरकारों ने इसे लेकर कोई प्रयास नहीं किया। कुछ योजनाएं बनीं भी तो धन की कमी आड़े आ गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम आभारी हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कि उन्होंने पीएम कृषि सिंचाई योजना के साथ ही किसी भी परियोजना में धन की कमी नही होने दी।

     महोबा से मेरा विशेष लगाव : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महोबा से मेरा विशेष लगाव है। यह वीरभूमि है, आस्था की भूमि है। यहां की कई विशेषताएं हमें आध्यात्मिक और ऐतिहासिक परंपराओं से जोड़ती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश सरकार यहां तेजी से विकास कार्य कर रही है। पूर्व की सरकारों ने यहां के 168 गांव को सिंचाई की सुविधा से तथा चार लाख लोगों को पेयजल की सुविधा से वंचित कर रखा था। यहां की योजनाएं कई सालों से लंबित पड़ी थीं। अब हम इस क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कई स्तर पर कार्य कर रहे हैं। बुंदेलखंड को एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर और जल जीवन मिशन जैसी परियोजनाएं नई ऊंचाई पर ले जाएंगी।

     शुद्ध पेयजल से दूर होंगी आधी बीमारियां : मुख्यमंत्री ने कहा कि शुद्ध पेयजल से आधी बीमारियां अपने आप दूर हो जाएंगी। बुंदेलखंड में हम जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचा रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जलशक्ति मंत्री डॉ महेंद्र सिंह से परिहास करते हुए कहा कि एक समय तक लोग इन्हें हैंडपंप मंत्री मानते थे लेकिन अब यह जल की शक्ति का एहसास करा रहे हैं। जल शक्ति मंत्रालय सिंचाई, पेयजल, ट्यूबवेल और हैंडपंप के जरिए लोगों के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य कर रहा है।

     स्थानीय युवाओं को जल जीवन मिशन में मिलेगा रोजगार : सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थानीय नौजवानों को प्लंबिंग की ट्रेनिंग देने की कार्ययोजना बनाएं। इससे यहां के नौजवानों को जल जीवन मिशन के तहत गांव-गांव रोजगार मिल जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस बात के लिए भी प्रेरित किया कि वे संस्थाओं के सीएसआर (कारपोरेट सोशल रिस्पॉन्सबिलिटी) फंड के जरिए स्कूलों का कायाकल्प कराएं। मुख्यमंत्री ने महोबा जनपद के लोगों को महाशिवरात्रि और होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, जल शक्ति मंत्री डॉ महेंद्र सिंह, महोबा के प्रभारी मंत्री जीएस धर्मेश, सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, विधायक राकेश गोस्वामी, बृजभूषण राजपूत, अपर मुख्य सचिव जलशक्ति टी.वेंकटेश आदि मौजूद रहे।

सहजन खाने से मजबूत होंगी हड्डियां

     सहजन खाने से मजबूत होंगी हड्डियां... सहजन की जड़, पत्ती, फूल और बीज में कई तरह के गुण पाए जाते है। सहजन खाने से इससे शरीर को भरपूर मात्रा में प्रोटीन, विटामिन, एमिनो एसिड, एंटी-ऑक्सिडेंट मिलते हैं। सहजन कोलेस्ट्रोल को कंट्रोल करता है। इसमें संतरे से सात गुना ज्यादा विटामिन सी और गाजर से चार गुना ज्यादा विटामिन ए होता है। मोरिंगा की पत्तियों को ताजा या पाउडर के रूप में भोजन के पूरक के रूप में उपयोग किया जाता है।

    हाई ब्लड प्रेशर करे कंट्रोल :हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को सहजन की पत्तियों का रस निकालकर काढ़ा बनाकर देने से लाभ मिलता है। साथ ही इसका काढ़ा पीने से घबराहट, चक्कर आना, उल्टी में भी राहत मिलती है।

   कैल्शियम का स्रोत :सहजन की फली में प्रचुर मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है, जो बच्चों के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इससे हड्डियां और दांत दोनों ही मजबूत बनते हैं। इसे गर्भवती महिलाओं को देने से उनके होने वाले बच्चों में कैल्शियम की मात्रा भरपूर मिलती है और होने वाला शिशु तंदुरस्त होता है।

   मोटापा करे कम :मोटापा और शरीर की बढ़ी हुई चर्बी को दूर करने के लिए सहजन को एक लाभदायक औषधि माना गया है। इसमें फॉस्फोरस की मात्रा पायी जाती है, जो कि शरीर की अतिरिक्त कैलोरी को कम करती है और साथ ही वसा को कम कर मोटापा कम करने में सहायक होती है।

     सिरदर्द करे दूर :सहजन के पत्तों का पेस्ट घाव पर लगाया जाता है और इसे सब्जी के रूप में खाने से सिर दर्द में राहत मिलती है। साथ ही सहजन के सेवन से खून साफ होता है, आंखों की रोशनी तेज होती है।

    आनंद कुमार मिश्र, संस्थापक एवं संचालक आर्गेनिक हाट नंदनगर करौंदी आईटीआई रोड वाराणसी