Sunday, 7 May 2017

गंगा क्रूज़ छह नदी क्रूज़ों की सूची में शामिल

           अमरीका स्थित एक प्रतिष्ठित मीडिया हाउस ने अपने प्रकाशन ‘कोंडे नैस्ट ट्रैवलर’ में गंगा पर तैयार किए जा रहे गंगा क्रूज़ (पोत विहार) को 2017 में बन कर तैयार होने वाले छह नदी क्रूज़ों की सूची में शामिल किया है। 

           मीडिया हाउस ने लग्ज़री क्रूज़ पोत गंगा वॉयजर-2 को इस सूची में रखा है, जो कोलकाता से वाराणसी के बीच गंगा में अपनी यात्रा तय करता है। इसके समकक्ष अन्य पोत विहारों में चीन में मेकांग और यांग्त्ज़े नदियों पर संचालित लीग आफ क्रूज़ शामिल है। दक्षिण अफ्रीका में अमेजन, रूस में वोल्गा और म्यामां में इरावड्डी नदी पोत विहार भी विख्यात हैं। कोंडे नेस्ट द्वारा गंगा को क्रूज़ मार्गों की सूची में रखना भारत में नदी पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों को बल प्रदान करेगा।
भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण एनडब्ल्यू-1 (गंगा नदी) पर प्राइवेट क्रूज आपरेटरों के सहयोग से कोलकाता से वाराणसी तक क्रूज़ के प्रचालन की सुविधाएं प्रदान करता है। आईडब्ल्यूएआई द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं में रात्रि नौवहन सुविधा भी शामिल है। 

          आईडब्ल्यूएआई जल मार्ग विकास परियोजना के अंतर्गत वाराणसी से हल्दिया के लिए भी राष्ट्रीय वाटर-वे एनडब्ल्यू-1 का विकास कर रहा है। यह मार्ग भारत में एनडब्ल्यू-1 पर प्रमुख माल ढुलाई मार्गों में से एक है।

एशियाई विकास बैंक का सबसे बड़ा ग्राहक भारत

               वित्‍त मंत्री ने एशियाई विकास बैंक के अध्‍यक्ष ताकेहिको नाकाओ से अपील की कि वे एशियाई विकास बैंक के प्रचालन में विकासशील देशों के नज़रिये को प्राथमिकता देना सुनिश्चित करें। 

           केन्‍द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने जापान के वित्‍त मंत्री तारो असो के साथ द्विपक्षीय विचार-विमर्श में मेक इन इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत किए गए उपायों को उज़ागर किया और जापानी कंपनियों से आग्रह किया कि वे भारत में मेट्रो रेल परियोजनाओं के लिए डिब्‍बों के विनिर्माण की सुविधाएं कायम करें। दोनों मंत्रियों ने भारत और जापान के बीच बढ़ती समाभिरूपता को महसूस किया और भारत-जापान द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग का और विस्‍तार करने के लिए काम करने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की। 

            बाद में जेटली ने एशियाई विकास बैंक के अध्‍यक्ष ताकेहिको नाकाओ के साथ भी एक बैठक की, जिसमें भारत और एशियाई विकास बैंक के बीच आपसी संबंधों पर चर्चा हुई। इस बात पर संतोष व्‍यक्‍त करते हुए कि भारत एशियाई विकास बैंक का सबसे बड़ा ग्राहक है, जेटली ने एडीबी अध्‍यक्ष से अपील की कि चूंकि यह बैंक विकासशील सदस्‍यों को सेवाएं प्रदान करता है, अत: वे सुनिश्चित करें कि एडीबी के प्रचालन और संसाधन आयोजना में विकासशील देशों के नज़रिये को प्राथमिकता दी जाये। 

             जेटली जापान की तीन दिन की सरकारी यात्रा पर हैं। वे वहां अन्‍य बातों के अलावा एशियाई विकास बैंक के गवर्नरों की वार्षिक बैठक में हिस्‍सा लेगें। वित्‍त मंत्री के साथ आर्थिक कार्य विभाग के सचिव शक्ति कांत और अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारी भी गए हैं।