Monday, 1 January 2018

वर्णमाला को दिव्य स्थान देती है भारतीय संस्कृति

     विजयवाड़ा। उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू ने कहा है कि भारतीय संस्कृति ने वेदों में वर्णमाला को दिव्य स्थान दिया है। यह इस बात का द्योतक है कि हम पुस्तकों और साहित्य को अत्यधिक महत्व देते हैं।

  आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आज 29वां विजयवाड़ा पुस्तक उत्सव का उद्घाटन करने के पश्चात वे उपस्थित जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे। 
   उपराष्ट्रपति ने कहा पुस्तकें हमारी सबसे अच्छी दोस्त हैं और अच्छी किताबें हमारे जीवन स्तर को बेहतर बनाती हैं। जब हम संकट में होते हैं तो पुस्तकें हमें रास्ता दिखाती हैं। विद्वान लोगों को समाज में सम्मान मिलता है और एक पुस्तक खोलने का मतलब है एक नये संसार से रूबरू होना। 
      उपराष्ट्रपति ने कहा कि वैदिक साहित्य में महिलाएं भी समान रूप से पुस्तकों की रचना करती थीं। गार्गी, मैत्रेयी तथा अन्य महिलाओं ने अनेक पुस्तकों की रचना की है। बुद्ध काल से लेकर तमिल संगम काल तक कई महिला लेखिकाएं हुई हैं। वैष्णव परंपरा में अलवरों में दलित तथा महिलाओं ने पुस्तकें लिखी हैं।
   उपराष्ट्रपति ने कहा कि सिनेमा हमलोगों को अत्यधिक प्रभावित करता है तथा सिनेमा, संगीत और कला के अन्य रूप शांति और सुकून को देते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे महान राष्ट्र के विकास के लिए प्रत्येक व्यक्ति को एकताबद्ध रहना चाहिए।
     उपराष्ट्रपति ने तेलुगु भाषा को बढ़ावा देने के लिए आंध्र प्रदेश सरकार को बधाई देते हुए कहा कि वे यह जानकर अत्यधिक प्रसन्न हैं कि सरकार ने वर्ष 2018 को तेलुगु भाषा सुरक्षा के लिए समर्पित किया है।

माजुली में ब्रह्मपुत्र बोर्ड परिसर की स्थापना

     काजीरंगा। ब्रह्मपुत्र बोर्ड के उच्चाधिकार समीक्षा बोर्ड की 9वीं बैठक काजीरंगा, असम के बोर्गोस में हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी ने की। इसमें असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, जल संसाधन मंत्री केशव महंत परिवहन मंत्री चंद्रमोहन पटवारी कृषि मंत्री अतुल बोरा मणिपुर के जल संसाधन मंत्री लेतपाओ हॉपकिप असम और अरूणाचल के मुख्य सचिव सहित नदी घाटी वाले राज्यों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

  नितिन गडकरी ने इस अवसर पर आईआईटी गुवाहटी द्वारा तैयार किये गए गणतीय आदर्श अध्ययन ब्रह्मा-आईडी का भी उद्घाटन किया। इस परियोजना को ब्रह्मपुत्र बोर्ड ने 3 करोड़ रूपये का अनुदान दिया है।
   उच्चाधिकार समीक्षा बोर्ड की 9वीं बैठक में निम्म बिंदुओ पर चर्चा हुई और सहमति बनी। उच्चाधिकार समीक्षा बोर्ड ने ब्रह्मपुत्र बोर्ड के नवनीकरण को स्वीकृति दी और सलाह दी कि धन व्यापक रूप से कार्यो मे खर्च होना चाहिए तथा वेतन और भत्तों सहित बाकी खर्चों पर सीमित धन व्यय होना चाहिए।
   ·उच्चाधिकार समीक्षा बोर्ड ने बाढ़ और कटाव से माजुली द्वीप के संरक्षण की परियोजना के लिए 237 करोड़ रुपए का अनुमोदन किया। उच्चाधिकार समीक्षा बोर्ड ने माजुली में ब्रह्मपुत्र बोर्ड परिसर की स्थापना को भी मंजूरी दी। उच्चाधिकार समीक्षा बोर्ड ने आईआईटी गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र अध्ययन के लिए एक केंद्र बनाने का सुझाव दिया है जिसमें जल विज्ञान, पर्यावरण, अंतर्देशीय जलमार्ग, कृषि और समाजशास्त्र के बहु-संकाय कार्यक्रमों को शामिल किया जाएगा। 
     इस प्रयोजन के लिए आईआईटी गुवाहाटी केंद्र के विकास के लिए लगभग चार एकड़ जमीन की पहचान की जाएगी। भारत सरकार इस केंद्र की स्थापना में सहयोग करेगी। समीक्षा बोर्ड का मत है कि ब्रह्मपुत्र नदी पूर्वोत्तर भारत में आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है और जलमार्गों के विकास के जरिए यहां पर्यटन, उद्योग, कृषि और अन्य क्षेत्रों को भी लाभ होगा।
    नितिन गडकरी ने आशा व्यक्त की कि ब्रह्मपुत्र बोर्ड सभी साझेदारों के साथ मिलकर ब्रह्मपुत्र नदी से जुड़ी तमाम चुनौतियों को बेहतर आर्थिक विकास के अवसर के रूप में परिवर्तित करेगा।

गृह मंत्री राजनाथ ने राष्‍ट्रीय उद्यमशीलता पुरस्‍कार प्रदान किए

     नई दिल्‍ली। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्‍ली में पहले राष्‍ट्रीय उद्यमशीलता पुरस्‍कार प्रदान किए। कौशल विकास और उद्यमिता राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) राजीव प्रताप रूड़ी इस अवसर पर विशेष अथिति थे। ये पुरस्‍कार भारतीय युवाओं की उद्यमिता का सम्‍मानित करने और अधिकाधिक युवाओं को उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्‍य से दिया जाता है। 

    उद्यमिता पुरस्‍कार प्रणाली कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्‍थान (आईआईटी-मुम्‍बई, दिल्‍ली, कानपुर और चेन्‍न्‍ई), टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल साइंसिज (टीआईएसएस), मुम्‍बई और एक्‍सएलआरआई, जमशेदपुर जैसे देशभर के अनेक प्रतिष्ठित संस्‍थानों के बीच भागीदारी के ज़रिए कायम की गई है। 
   इनमें से प्रत्‍येक संस्‍थान पुरस्‍कार के संचालन में प्रमुख भूमिका अदा करेगा। वर्ष 2016-17 के लिए पुरस्‍कार प्रदान करने में प्रमुख भूमिका आईआईटी, दिल्‍ली ने अदा की है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने भाषण में भारत को विश्‍व में एक प्रमुख अर्थव्‍यवस्‍था बनाने में उद्यमशीलता की भूमिका को उजागर किया। समारोह के दौरान राजीव प्रताप रूड़ी ने कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा संचालित किए जा रहे कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्‍तुत की। 
    उन्‍होंने कहा कि इस पुरस्‍कार से भारत में न केवल उभरते हुए उद्यमियों को सम्‍मानित करने में मदद मिलेगी, बल्कि यह युवा भारतीयों की उद्यमशीलता की बदलाव लाने की क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच का भी काम करेगा। समारोह में वरूण खेतान (अर्बन क्‍लैप के संस्‍थापक), श्रीकांत बोल्‍ला (बोलैंट इंडस्‍ट्रीज के संस्‍थापक) और रितेश अग्रवाल (बोलैंट इंडस्‍ट्रीज के संस्‍थापक) जैसे सफल युवा उद्यमियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।
     इसके बाद दो चयन ट्रैकों-पुरस्‍कार ट्रैक और सम्‍मान ट्रैक, के अंतर्गत 11 श्रेणियों में पुरस्‍कार प्रदान किए गए। विजेताओं का चयन तीन स्‍तरीय कड़ी चयन प्रक्रिया के ज़रिए किया गया। 
    इनमें कृषि, खाद्य एवं वानिकी उत्‍पाद- वोव मोमो फूड प्राइवेट लिमिटेड। रसायन, फार्मा, बायो और अन्‍य संसाधित सामग्री- सरल डिजाइन सोल्‍यूशन्‍स प्राइवेट लिमिटेड। ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्‍स, परिवहन और अन्‍य सेवाएं-जेटसेटगो एविएशन सर्विसेज। इंजीनियरिंग सर्विसेज-स्‍वधा एनर्जीज। आईटी और आईटीईएस, वित्‍तीय-लुसिडेज टेक. एससी/एसटी-जीवांक्ष इको प्रोडॅक्‍स प्रा. लि. महिला-एस वी इंजीनियरिंग एंड कंसल्‍टेंसी सर्विसेज। शिक्षा संस्‍थान-आरएसईटीआई, कर्नाटक। इंक्‍यूबेटर- ट्रेक-स्‍टेप तिरूचिरापल्‍ली रीजनल इंजीनियरिंग कालेज-साइंस और टेक्‍नोलॉजी आंट्रप्रनर पार्क। मेंटर (सरकारी क्षेत्र) – डा. हरकेश कुमार मित्‍तल, विभागाध्‍यक्ष, राष्‍ट्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी उद्यमिता विकास बोर्ड, (एनएसटीईडीबी), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार। मेंटर (निजी क्षेत्र) प्रदीप गुप्‍ता, अध्यक्ष, साइबर मीडिया ग्रुप। व्‍यक्तिगत पुरस्‍कार विजेताओं को पांच लाख रुपये और  विजेता संस्‍थानों को 10 लाख रुपये पुरस्‍कार स्‍वरूप दिए गए।