Tuesday, 9 May 2017

पीयूष गोयल वियना व लंदन के दौरे पर रहेंगे

            केन्‍द्रीय विद्युत, कोयला और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा तथा खान राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) पीयूष गोयल 10 मई से लेकर 13 मई, 2017 तक ऑस्‍ट्रि‍या और ब्रिटेन के दौरे पर रहेंगे। 

           इस दौरान दोनों देशों के साथ ऊर्जा के मसले पर गहन बातचीत होगी। गोयल बुधवार यानी 10 मई 2017 को भारतीय वाणिज्‍य एवं उद्योग मंडलों के महासंघ (फिक्‍की) और ऑस्ट्रियाई संघीय आर्थिक मंडल (डब्‍ल्‍यूकेओ) के द्वारा आयोजित की जाने वाली निवेशक बैठक में भाग लेंगे। इसके अलावा, मंत्री गुरुवार यानी 11 मई, 2017 को आयोजित किये जाने वाले वियना ऊर्जा फोरम 2017 में मुख्‍य भाषण देंगे। इसके बाद संयुक्‍त राष्‍ट्र औद्योगिक विकास संगठन (यूनिडो) के महानिदेशक के साथ बैठक कर ऊर्जा क्षेत्र में बेहतर कारोबारी अवसरों की तलाश करेंगे।

               गोयल ऊर्जा के लिए 2030 विकास एजेंडे पर होने वाली मंत्रिस्‍तरीय पैनल परिचर्चा में शिरकत करेंगे जिस दौरान एसडीजी 7, ऊर्जा की पहुंच, ऊर्जा दक्षता और नवीकरणीय ऊर्जा पर ध्‍यान केन्द्रित किया जायेगा। गोयल इस अवसर पर अंतर्राष्‍ट्रीय सौर गठबंधन और आरई इन्‍वेस्‍ट के बारे में भी बतायेंगे। गोयल 12 मई, 2017 को नियमित कारोबारी बैठकों में भाग लेने के अलावा लंदन में आयोजित की जाने वाली ऊर्जा संबंधी ब्रिटेन-भारत व्‍यावसायिक गोलमेज बैठक में भी शिरकत करेंगे, जिसका आयोजन फिक्‍की और ब्रिटिश व्‍यापार एवं निवेश (यूकेटीआई) द्वारा किया जायेगा। 

           मंत्री उसी दिन लंदन स्‍टॉक एक्‍सचेंज में एनटीपीसी के बांडों की सूचीबद्धता के भी साक्षी बनेंगे। पीयूष गोयल 13 मई, 2017 को एनर्जी एफिसिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) की किफायती प्रकाश योजना का शुभारंभ करने के साथ-साथ इसका विस्‍तार उजाला (‘सभी के लिए किफायती एलईडी’ मुहिम में शामिल हुआ ब्रिटेन) के नाम से ब्रिटेन के उपभोक्‍ताओं के लिए करेंगे।

         मंत्री सार्वजनिक क्षेत्र की ईईएसएल की ओर से अगले तीन वर्षों के दौरान ब्रिटेन में 100 मिलियन पौंड का निवेश किये जाने की भी औपचारिक घोषणा करेंगे।
 

No comments:

Post a Comment