नजफगढ़ से धनसा तक दिल्ली मेट्रो
राष्ट्रीय राजधानी स्थित धनसा बस स्टैंड को अगले तीन वर्षों में दिल्ली मेट्रो से जोड़ा जायेगा। भारत सरकार ने नजफगढ़ से धनसा बस स्टैंड तक 1.18 किलोमीटर लंबे भूमिगत मेट्रो विस्तार को मंजूरी दी है।
जिस पर 565 करोड़ रुपये की लागत आयेगी। वर्ष 2020 तक दिल्ली मेट्रो रेल निगम द्वारा इस विस्तार कार्य को पूरा करने की योजना है। कुल परियोजना लागत में से 107 करोड़ रुपये केन्द्र सरकार मुहैया करायेगी। यह राशि 50 फीसदी इक्विटी (75.50 करोड़ रुपये) और गौण ऋण के रूप में होगी। जापानी अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जेआईसीए) 323 करोड़ रुपये मुहैया करायेगी जबकि शेष राशि दिल्ली के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जायेगी जिसमें इक्विटी (75.50 करोड़ रुपये) और गौण ऋण शामिल हैं।
नजफगढ़ से धनसा बस स्टैंड तक मेट्रो का विस्तार होने से हर दिन नांगलोई, धनसा, बहादुरगढ़ एवं इसके निकटवर्ती क्षेत्रों के 10,000 अतिरिक्त यात्रियों को इससे सफर करने का मौका मिलेगा।सितंबर 2012 में स्वीकृत किये गये 4.5 किलोमीटर लंबे द्वारका-नजफगढ़ मेट्रो खंड का निर्माण कार्य इसी वर्ष दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। नजफगढ़ से धनसा बस स्टैंड तक मेट्रो विस्तार का निर्माण कार्य इसी वर्ष जुलाई में शुरू होने की आशा है।

No comments:
Post a Comment