Thursday, 2 March 2017

अमेरिका के दौरे पर पेट्रोलियम मंत्री

                पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) धर्मेन्‍द्र प्रधान एक प्रतिनिधिमंडल के साथ 3 मार्च से लेकर 7 मार्च, 2017 तक अमेरिका के बोस्‍टन एवं ह्यूस्‍टन के दौरे पर रहेंगे।

            इस प्रतिनिधिमंडल में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस कंपनियों के सीईओ शामिल हैं। 3 से 4 मार्च तक बोस्‍टन की यात्रा के दौरान प्रधान मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) ऊर्जा सम्मेलन में भाषण देंगे। वह ‘भारत की पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नीति’ विषय  पर हार्वर्ड केनेडी स्कूल के विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। वह बोस्‍टन शहर के मेयर से भी भेंट करेंगे। इसके साथ ही वह भारतीय समुदाय से बातचीत करेंगे। 

                 मंत्री 5 से 7 मार्च तक वार्षिक सीईआरए सप्‍ताह-तेल एवं गैस पर अंतर्राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन में भी शिरकत करेंगे। प्रधान विभिन्‍न देशों से वहां आने वाले पेट्रोलियम मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इनमें कनाडा, यूएई, इजरायल, अमेरिका, नाइजीरिया, सऊदी अरब और रूस के पेट्रोलियम मंत्री शामिल हैं। मंत्री अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के महासचिव के साथ भी बैठक करेंगे। 

           पेट्रोलियम मंत्री सीईआरए सप्ताह यानी विश्‍व के सबसे बड़े हाइड्रोकार्बन सम्‍मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में हाल ही में घोषित किये गये नीतिगत सुधारों के साथ-साथ भारत के हाइड्रोकार्बन क्षेत्र के बारे में भी विस्‍तृत जानकारी देंगे।

No comments:

Post a Comment