Tuesday, 6 February 2018

दिव्यांग कलाकार के चित्रों की प्रदर्शनी

     नई दिल्ली। केंद्रीय पूर्वोत्तर विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने यहां दिव्यांग कलाकार उत्तम भारद्वाज द्वारा बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। 

   दिव्यांग कलाकार श्री भारद्वाज अपने पैरों से चित्र उकेरते हैं। जम्मू-कश्मीर निवासी श्री भारद्वाज 10 साल की उम्र से चित्रकारी कर रहे हैं। पिछले 8 वर्षों के दौरान उन्होंने 200 से अधिक तस्वीरें बनाईं हैं। 
    प्रदर्शनी के उद्घाटन के पश्चात डॉ. जितेन्द्र सिंह ने श्री भारद्वाज को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए हैं। इस प्रदर्शनी के माध्यम से उनके चित्र पूरे भारत में पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि श्री भारद्वाज संपूर्ण भारत में अपनी तरह के पहले कलाकार हैं।
    उन्होंने सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं और कार्यक्रमों से संबंधित विषयों पर चित्र बनाए हैं। इनमें आम लोगों, गरीबों और महिलाओं के कल्याण की योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि चित्र, संवाद का एक अच्छा माध्यम है। 
     मंत्री ने श्री भारद्वाज के दृढ़ संकल्प और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों को अवसर के रूप में परिवर्तित किया है। लोगों को इस प्रदर्शनी में आना चाहिए ताकि अन्य कलाकारों को भी प्रोत्साहन मिल सके। प्रदर्शनी का आयोजन द्वितीय तल, सिविल सर्विसेज ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट (सीएसओआई), चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में किया गया है। 
     इस प्रदर्शनी में कुल 47 चित्र लगाए गए हैं। यह प्रदर्शनी 12 फरवरी, 2018 तक आम लोगों के लिए 11 बजे सुबह से 6 बजे शाम तक खुली है।

No comments:

Post a Comment