Tuesday, 17 October 2017

निर्माण श्रमिको के रहने की गरिमा सुनिश्चित करें बिल्‍डर

   नई दिल्ली। आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बड़ी संख्‍या में निर्माण श्रमिकों के रहने की स्थिति पर गंभीर चिंता व्‍यक्‍त की है। बिल्डिरों से आग्रह किया है कि वे श्रमिकों के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करें, ताकि वे एक सम्‍मानित जीवन शैली जी सकें।

   यह बात उन्‍होंने इंडियन बिल्‍डर्स कांग्रेस (आईबीसी) के 25 साल पूरे होने के अवसर पर एक स्‍मारक टिकट जारी करने के बाद कही। पुरी ने आईबीसी के 5,100 सदस्‍यों को याद दिलाया कि सामान्‍य अनुबंध शर्तें और अनुबंध श्रम (विनियमन) अधिनियम की धारा 19एच के तहत निर्माण स्‍थल पर रहने वाले श्रमिकों के लिए खाना पकाने, नहाने और शौचालय की सुविधाओं के साथ सम्‍मानित जीवन शैली जीने की स्थिति सुनिश्चित करना उनकी जिम्‍मेदारी है। 
   मंत्री ने कहा कि आमतौर पर इसका अनुपालन नहीं किया जाता है, जो स्‍वीकार्य योग्‍य नहीं है। पुरी ने जोर देकर कहा कि निर्माण श्रमिक देश के आर्थिक विकास में योगदान देते हैं और सम्‍मान के साथ जीना उनका समान रूप से अधिकार है। 
    पुरी ने कहा कि निर्माण स्‍थल पर रहने वाले श्रमिकों का रहने की जीवन शैली भी महत्‍वपूर्ण है। पुरी ने कहा कि रियल एस्‍टेट सेक्‍टर में किये गये आर्थिक सुधार जारी है, लेकिन एक नियामक तंत्र की कमी की वजह से इसमें बाधाएं भी आ रही थीं। 
  इस वजह से रियल एस्‍टेट कानून को जरूरी कर दिया गया है, जिसे सरकार ने आठ साल के लम्‍बे इंतजार के बाद पिछले वर्ष लागू कर दिया है। पुरी ने जोर देकर कहा कि रियल एस्‍टेट सेक्‍टर में कई बाधाएं आईं, लेकिन जल्‍द ही इन्‍हें दूर कर लिया जाएगा। सभी हितधारकों तथा श्रमिकों के लिए स्थिति सामान्‍य हो जाएगी।

No comments:

Post a Comment