Thursday, 12 October 2017

नार्थ और साउथ ब्लॉक में नई प्रकाश व्यवस्था

   नई दिल्‍ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में गृह मंत्रालय के कर्मचारी महिपाल सिंह ने नार्थ और साउथ ब्लाक में नई प्रकाश व्यवस्था का शुभारंभ किया। 

   इस कार्यक्रम में बीस केन्द्रीय मंत्रियों ने भागीदारी की। एक जनवरी से राष्ट्रपति भवन को भी इसी तरह प्रकाशवान किया जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी में राजपथ के अगल-बगल प्रतिष्ठित नार्थ और साउथ ब्लाक भवनों में रात्रि से नये गतिशील प्रकाश व्यवस्था के उद्घाटन के साथ ही उज्ज्वल रोशनी संयोजन का शुभारंभ हो गया।
   15 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित इस प्रकाश व्यवस्था में 16 मिलियन रंगों का संयोजन होगा। इस प्रणाली के उद्घाटन करने का सौभाग्य गृह मंत्रालय के वरिष्ठतम सहायक कर्मी महिपाल सिंह को मिला। महिपाल सिंह ने वर्ष 1975 में बतौर दफ्तरी पदभार ग्रहण किया था। 
       कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बीस केन्द्रीय मंत्रियों ने भी भाग लिया। इनमें गृहमंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमन और केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान महिपाल सिंह को प्रथम पंक्ति में बैठाया गया।
     उद्धाटन के पश्चात प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 10 दिनों में सेवानिवृत होने वाले महिपाल सिंह से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया। इस दौरान मंत्रियों, सरकारी वरिष्ठ अधिकारियों, मीडिया और भारी संख्या में उपस्थित नागरिकों के लिए नई प्रकाश व्यवस्था का 20 मिनट का लाइव प्रदर्शन किया गया। 
    आगामी एक जनवरी से नार्थ एवं साउथ ब्लाक भवनों के बीच में स्थित राष्ट्रपति भवन में भी नवीन प्रकाश प्रणाली की व्यवस्था की जाएगी। 
     इस नई प्रकाश व्यवस्था के आयोजन को देखने मंत्रियों में रामविलास पासवान, श्रीमती मेनका गांधी, वीरेन्द्र सिंह, राधामोहन सिंह, प्रकाश जावेडकर, रविशंकर प्रसाद, टीसी गहलोत, अशोक गजपति राजू, धर्मेद्र प्रधान, श्रीमती हरसिमरन कौर और डॉ.जितेन्द्र सिंह शामिल थे।

No comments:

Post a Comment