मोदी ने लॉन्च की 'सौभाग्य योजना', डेढ़ साल में देश का हर घर होगा रौशन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सौभाग्य योजना लॉन्च की। इस योजना के तहत हर घर तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। जिससे बड़ी संख्या में गरीबों को फायदा मिलेगा।
योजना को 31 मार्च 2019 तक पूरा करने का टारगेट है। पीएम मोदी ने दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर देश को इस अहम योजना की सौगात दी है। जिसका पूरा नाम 'प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना' है। इस मौके पर पीएम मोदी ने योजना की शुरुआत पर खुशी जताई।
पीएम मोदी ने कहा कि गरीब महिलाओं से जुड़ी एक आवश्यक योजना की आज शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि 4 करोड़ से ज्यादा ऐसे घर हैं, जहां बिजली नहीं है। आज भी करोड़ों गरीब परिवारों के यहां मोमबत्ती जलाई जाती हैं। पीएम ने ये भी कहा कि बिजली के अभाव में महिलाओं को अंधेरे में खाना पकाना पड़ता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि किसी गरीब से बिजली कनेक्शन के लिए पैसा नहीं लिया जाएगा। गरीब के घर जाकर सरकार बिजली कनेक्शन देगी। इस योजना पर 16 हजार करोड़ से ज्यादा खर्च आएगा। 1000 दिनों में 18 हजार गांव तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा था। उनमें से अब तीन हजार से भी कम गांव बिना बिजली के रह गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैंने भी बचपन में मिट्टी के तेल का दिया जलाकर पढ़ाई की। हम 'बिजली संकट' से 'बिजली सरप्लस' की तरफ जा रहे हैं। न्यू इंडिया में हर गांव तक नहीं, हर घर तक बिजली पहुंचेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले तीन सालों में बिजली क्षमता लक्ष्य से 12ऽ बढ़ी। इस दौरान पीएम ने ये भी कहा कि जनधन योजना से लेकर स्वच्छ भारत अभियान और उज्जवला से लेकर मुद्रा तक हर योजना गरीब कल्याण के लिए है।

No comments:
Post a Comment