अजमेर-रतलाम एक्सप्रेस को क्यू-ट्रैक
लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन और रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु की गरिमामयी उपस्थिति में नई दिल्ली स्थित रेल भवन से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये नव-निर्मित बड़ी लाइन क्यू-ट्रैक के रास्ते ट्रेन संख्या 19653/19654 रतलाम-अजमेर एक्सप्रेस के इंदौर तक विस्तारीकरण को झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
रेल भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिन गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया उनमें स्थानीय क्षेत्र के सांसद एवं विधायक, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ए. के. मित्तल, रेलवे बोर्ड के सदस्य (यातायात) मोहम्मद जमशेद और रेलवे बोर्ड के अन्य सदस्य तथा वरिष्ठ अधिकारीगण भी शामिल थे।
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा, ‘आज का ट्रेन विस्तार मध्य प्रदेश क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति के लिए लाभप्रद साबित होगा। सुरेश प्रभु के नेतृत्व में इंदौर क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी से संबंधित ज्यादातर मांगें पहले ही पूरी कर दी गई हैं। इस क्षेत्र में अब और कोई मांग नहीं रह गई है। इंदौर-दाहौद पटरी का कार्य प्रगति पर है। औद्योगिक टाउनशिप पीथमपुर के साथ रेलवे कनेक्टिविटी पूरी हो गई है। कंटेनर सेवाएं भी शुरू कर दी गई हैं। महू स्टेशन का विकास सुनिश्चित किया गया है। सेना ने इसके लिए जमीन दी है। मध्य प्रदेश विकास में पीछे नहीं रहेगा। मैं सुरेश प्रभु जी के नेतृत्व की सराहना करती हूं जिनकी देख-रेख में जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में सुरंग बनाने का दुष्कर कार्य पूरा किया गया।
इस अवसर पर रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने कहा, ‘यह स्पष्ट है कि लोग अपने-अपने क्षेत्रों में रेलवे कनेक्टिविटी चाहते हैं। आज, हिंदू नव वर्ष एवं गुड़ी पड़वा के अवसर पर यह इंदौर और मध्य प्रदेश के लोगों के लिए शुभ शुरुआत है। मध्य प्रदेश हमारे लिए एक महत्वपूर्ण राज्य है। मध्य प्रदेश के लोगों ने बेहतर रेल संपर्क या कनेक्टिविटी के लिए सदा ही अभिवेदन दिया है। पिछले दो वर्षों में मध्य प्रदेश के लिए आवंटन को बढ़ाकर 2871 करोड़ रुपये कर दिया गया है। पिछले साल यह राशि 632 करोड़ रुपये थी, जो 354 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है। वर्ष 2017-18 के रेल बजट आवंटन में इसे और बढ़ाकर 750 प्रतिशत कर दिया गया।
विकास प्रक्रिया में धनराशि कोई अवरोध नहीं है। मध्य प्रदेश में गेज परिवर्तन, दोहरीकरण और तिहरीकरण परियोजनाओं ने गति पकड़ ली है। 56,547 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। 7 नये सर्वेक्षण कराये गये हैं और इन्हें मंजूरी दी गई है। चित्तौड़गढ़, रतलाम, इंदौर से गेज परिवर्तन कार्य को पूरा कर लिया गया है। भारतीय रेलवे और मध्य प्रदेश सरकार जल्द ही संयुक्त उद्यम कंपनी का गठन करेंगी। राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। अगले वर्ष गुड़ी पड़वा पर इसे मूर्त रूप दिया जायेगा।’

No comments:
Post a Comment