भारत को वैश्विक ताकत बनाना लक्ष्य
केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विजय गोयल ने यहां नेहरू युवा केंद्र संगठन के अंतर्गत 9वें यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम का उद्घाटन किया।
इस एक्सचेंज प्रोग्राम के अंतर्गत झारखंड और छत्तीसगढ़ के जनजातीय क्षेत्रों के युवा राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। यहां की संस्कृति और जीवनशैली के बारे में जानेंगे। इस अवसर पर गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के तहत सरकार की बहुत सी ऐसी योजनाएं हैं, जिनका लक्ष्य युवाओं को सशक्त बनाना। भारत को एक वैश्विक ताकत बनाना है। इस अवसर पर अपने विचार प्रकट करते हुए उन्होंने युवाओं से अनुरोध किया कि वे किसी एक अच्छे कार्य का दायित्व ग्रहण करें, जो न केवल समाज की सहायता करें, बल्कि उनके भीतर भी नेतृत्व के गुणों का विकास करें।
उन्होंने कहा, ‘’स्वच्छ भारत अभियान से लेकर स्टार्ट-अप इंडिया तक, सरकार की अनेक ऐसी पहलें हैं, जिनसे युवाओं को जुड़ना चाहिए और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में सहायता प्रदान करनी चाहिए।‘’ गोयल के साथ बातचीत के दौरान प्रतिभागी युवाओं ने अपने करियर की प्रगति की राह में बाधा उत्पन्न कर रहे नक्सली आतंक और उचित शिक्षण संस्थानों के अभाव जैसे मामलों से जुड़ी अपनी चिंताओं के बारे में उन्हें अवगत कराया।
गोयल ने भरोसा दिलाया कि उनका मंत्रालय खेल, शिक्षा या कौशल विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उनके सपनों को साकार करने में उनकी सहायता करेगा। नेहरू युवा केंद्र संगठन पहले भी 8 राज्यों में सफल एक्सचेंज प्रोग्राम का आयोजन कर चुका है। लगभग 250 विद्यार्थियों वाला मौजूदा बैंच राजधानी की अपनी इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति से भी मुलाकात करेगा।

No comments:
Post a Comment