Sunday, 8 September 2019

लद्दाख के लिए नई पर्यटन नीति में सहयोग

   केंद्रीय संस्‍कृति एवं पर्यटन राज्‍य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि पर्यटन मंत्रालय लद्दाख के लिए नई पर्यटन नीति बनाने में स्‍थानीय प्रशासन को पूर्ण सहयोग देगा। 

   उन्‍होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो मंत्रालय के अधिकारी इस मामले में समर्थन व सहायता प्रदान करने के लिए प्रति महीने लद्दाख की यात्रा करेंगे।
   लेह यात्रा में केंद्रीय संस्‍कृति एवं पर्यटन राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल ने लद्दाख में सभी स्‍थानीय हितधारकों के साथ बैठक की। बैठक में पर्यटन विभाग की डीजी श्रीमती मीनाक्षी शर्मा; पर्यटन विभाग की एडीजी सुश्री रुपिन्‍दर बरार जम्‍मू-कश्‍मीर पर्यटन के प्रधान सचिव नवीन कुमार चौधरी तथा पर्यटन मंत्रालय के वरिष्‍ठ अधिकारी एवं स्‍थानीय निकायों के अधिकारी उपस्थित थे।
   श्री पटेल ने कहा कि वर्तमान में लद्दाख क्षेत्र के केवल 14 स्‍मारक एएसआई के संरक्षण में हैं। मंत्रालय यह संख्‍या दोगुनी या तीन गुनी करना चाहता है। लद्दाख और कारगिल क्षेत्र में कई ऐसे स्‍मारक हैं जिसका संरक्षण एएसआई द्वारा किया जाना चाहिए।
   बैठक में स्‍थानीय हितधारकों ने श्री पटेल की लद्दाख यात्रा की सराहना की। स्‍थानीय लोगों ने पर्यटन उद्योग को प्रोत्‍साहन देने के लिए बेहतर कनेक्टिवीटि, बेहतर अवसंरचना, टैक्‍स में छूट आदि की मांग की। श्री पटेल ने उन्‍हें मंत्रालय तथा भारत सरकार के पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।
   बैठक में पर्यटक मंत्रालय के संयुक्‍त महानिदेशक विकास रुस्‍तगी ने लद्दाख क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने की कार्य योजना विषय पर एक प्रस्‍तुति दी। इसमें यह दिखाया गया कि लद्दाख में पूरी दुनिया से पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता है। अतुल्‍य भारत अभियान में लद्दाख को विशेष स्‍थान दिया गया है।

No comments:

Post a Comment