Wednesday, 7 February 2018

सर्कस, नृत्‍य और नाट्य मंचन पर जीएसटी में राहत

    नई दिल्ली। देश में इस तरह के सांस्‍कृतिक एवं खेल आयोजनों में प्रवेश के लिए जीएसटी के तहत छूट सीमा प्रति व्‍यक्ति 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये की गई।

     जीएसटी परिषद ने 18 जनवरी, 2018 को आयोजित अपनी बैठक में जीएसटी छूट के उद्देश्‍य से यह सिफारिश की है कि नाटक अथवा नृत्‍य, पुरस्‍कार समारोहों, पेजेंट, संगीत कार्यक्रमों, संगीत समारोह और मान्यता प्राप्त खेल आयोजनों के लिए प्रवेश टिकट पर छूट मूल्‍य सीमा प्रति व्‍यक्ति 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये की जा सकती है।
    परिषद ने यह भी सिफारिश की है कि तारामंडल में प्रवेश को भी प्रति व्‍यक्ति 500 रुपये तक की इस छूट सीमा का लाभ दिया जा सकता है। 
     परिषद की इन सिफारिशों को प्रभावी बनाने वाली अधिसूचनाएं 25 जनवरी, 2018 को जारी की गई हैं। तदनुसार, 25 जनवरी, 2018 से नाटक अथवा नृत्‍य, पुरस्‍कार समारोहों, पेजेंट, संगीत कार्यक्रमों, संगीत समारोह, मान्यता प्राप्त खेल आयोजनों और तारामंडल में प्रवेश के लिए प्रति व्‍यक्ति 500 रुपये तक के प्रवेश टिकट को जीएसटी से छूट दे दी गई है।
   इस कदम से देश में इस तरह के सांस्‍कृतिक एवं खेल आयोजनों को काफी बढ़ावा मिलने की आशा है।

No comments:

Post a Comment