विकास से जुड़े कार्यों में उद्योग जगत से साझेदारी का आह्वान
मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डॉ महेन्द्र नाथ पांडेय ने उद्योग जगत को आमंत्रित करते हुए कहा है कि वह विकास योजनाओं में साझेदारी करने, स्टार्ट अप्स की सहायता करने और नई पहल करने के लिए आगे आए।
उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में संलग्न अन्य कारकों का लाभ उठाने के लिए विविध उपायों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा केंद्र और राज्य का मामला है और इस बारे में समस्त राज्यों से व्यापक सहयोग अपेक्षित है।
उन्होंने शिक्षा नीति के मसौदे और अन्य मामलों पर उद्योग के सदस्यों से सुझाव और टिप्पणियां आमंत्रित कीं। डॉ पांडेय कोलकाता में एसोचैम द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘शिक्षा और नवाचार के माध्यम से जीवन में बदलाव तथा शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार 2017’ को संबोधित कर रहे थे।
इस कार्यक्रम में स्कूल पूर्व शिक्षा, प्राथमिक और माध्यमिक स्कूली शिक्षा और उच्च शिक्षा पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किया गया। इस अवसर पर हुआ विचार-विमर्श शिक्षा की गुणवत्ता, इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने वाले तकनीकी उपायों तथा संपूर्ण शिक्षा एवं स्कूल-पूर्व स्तर से शिक्षकों को साथ जोड़े जाने पर केंद्रित रहा। इस अवसर पर एसोचैम और कलकत्ता चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment