Saturday, 27 May 2017

मॉरीशस को पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति

          पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) धर्मेन्‍द्र प्रधान ने भारत की यात्रा पर आए मॉ‍रीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्‍नाथ से मुलाकात की।

        पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र प्रधान ने दो दिन की भारत की यात्रा पर आए मॉ‍रीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ से मुलाकात की। जनवरी 2017 में मॉरीशस के प्रधानमंत्री पद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री जगन्‍नाथ की यह पहली विदेश यात्रा है। बैठक के दौरान प्रधान ने हाइड्रोकार्बन के क्षेत्र में मॉरीशस के साथ चल रही बातचीत के बारे में चर्चा की। 2006 से भारत के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम वाली रिफायनरी –मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्‍स लिमिटेड (एमआरपीएल) मॉरीशस को पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति कर रही है। 

        वर्तमान में दोनों देश तेल और गैस के क्षेत्र में कार्य करने को लेकर परस्‍पर बातचीत कर रहे हैं। दोनों नेताओं ने मॉरीशस में प्राकृतिक गैस के क्षेत्र में सहयोग के बारे में बातचीत की। इस संदर्भ में दोनों नेताओं ने निर्णय लिया कि पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड(पीएलएल) का एक शिष्‍टमंडल जल्‍द ही मॉरीशस का दौरा करेगा। मॉरीशस में हितधारकों और अधिकारियों से बातचीत करेगा। अपने ‘विजन 2030’ के तहत मॉरीशस स्‍वयं को एक क्षेत्रीय हाइड्रोकार्बन व्‍यापार केन्‍द्र के रूप में विकसित करना चाहता है। बैठक के दौरान प्रधान ने मॉरीशस को उसकी ऊर्जा जरूरतों के संबंध में भारत की तरफ से लगातार सहयोग देने का वायदा किया। प्रधान ने मॉरीशस को तेल और गैस क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विकास के माध्‍यम से क्षेत्रीय पेट्रोलियम हब बनाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।

No comments:

Post a Comment