वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह एक जीवित किंवदंती
नई दिल्ली। भारत के राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने मार्शल अर्जन सिंह के पुत्र अरविंद सिंह को भेजे संदेश में मार्शल अर्जन सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है।
अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा है मैं अपने महान व दुलारे वायु योद्धा और वायु सेना मार्शल अर्जन सिंह डीएफसी के निधन की खबर सुनकर मर्माहत हूं। भारतीय वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह द्वितीय विश्व युद्ध के एक नायक थे और 1965 के युद्ध में अपने सैन्य नेतृत्व के लिए हमारा राष्ट्र उनका आभारी है।
उन्होंने राष्ट्र को अपनी श्रेष्ठ सेवा दी और वह भारतीय वायु सेना के पहले एवं एकमात्र ऐसे अधिकारी थे जिन्हें वायु सेना के मार्शल के रूप में पांच सितारा रैंक से सम्मानित किया गया था। पीढ़ी-दर-पीढ़ी देशवासियों के लिए वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह एक जीवित किंवदंती (लिविंग लीजेंड) रहे हैं। राष्ट्र के लिए उनकी सेवाएं वर्दी के बगैर भी जारी रहीं।
वह दिल्ली के उप राज्यपाल, स्विट्जरलैंड व वैटिकन में भारत के राजदूत व केन्या में उच्चायुक्त व राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य रहे। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं एवं उपलब्धियों के लिए उन्हें पद्म विभूषण सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
कृपया मेरी संवेदनाएं स्वीकार करें और अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ-साथ भारतीय वायु सेना के समुदाय को भी इसे सम्पेषित करें। मैं सर्वशक्तिमान से प्रार्थना करता हूं कि आपको एवं आपके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने के लिए ताकत और साहस दें। आपके साथ पूरा देश शोक संतप्त है।

No comments:
Post a Comment