रामनाथ कोविंद देश के नए राष्ट्रपति
राजग उम्मीदवार रामनाथ कोविंद देश के 14वें और उत्तर प्रदेश से पहले राष्ट्रपति होंगे। दलित बनाम दलित राष्ट्रपति पद के चुनाव में उन्होंने विपक्ष की उम्मीदवार मीरा कुमार को करारी शिकस्त दी है।
कोविंद को 65.65 फीसदी तो मीरा कुमार को 34.35 फीसदी मत मिले हैं। इस चुनाव में कोविंद को क्रॉस वोटिंग का भी जबर्दस्त लाभ मिला है।
कोविंद के पक्ष में 522 तो मीरा के पक्ष में 225 सांसदों ने वोट डाले। कोविंद ने इसे भारतीय परंपरा की महानता का प्रतीक बताते हुए सर्वे भवंतु सुखिन: के भाव से काम करते रहने की घोषणा की है।
चुनाव अधिकारी अनूप मिश्र ने कोविंद की जीत की घोषणा करने के बाद खुद इसकी जानकारी देने उनके अस्थाई निवास पर पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित सभी राजनीतिक हस्तियों ने कोविंद को जीत की बधाई दी है। कोविंद 25 जुलाई को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे।
संसद भवन में 8 राउंड में हुई गिनती में कोंविंद मीरा पर शुरू से ही बढ़त बनाए हुए थे। 5वें राउंड की गिनती में ही उन्हें इस पद के लिए जरूरी वोट हासिल हो गए थे।
अंतिम राउंड की गिनती पूरी होते ही चुनाव अधिकारी मिश्र ने कोविंद की जीत की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कोविंद के पक्ष में 702044 तो मीरा के पक्ष में 367314 मत पड़े।

No comments:
Post a Comment