सामुदायिक रेडियो को प्रोत्साहन
सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर ने कहा है कि सरकार विभिन्न संचार मंचों के जरिए अंतिम व्यक्ति तक को संपर्क प्रदान करने के अपने उद्देश्य के लिए प्रतिबद्ध है।
इस संदर्भ में विभिन्न पहलों के जरिए सामुदायिक रेडियो ने काफी प्रोत्साहन प्रदान किया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने पूर्वोत्तर राज्यों में सामुदायिक रेडियो स्टेशन (सीआरएस) स्थापित करने के लिए अनुदान राशि 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 90 प्रतिशत और अन्य राज्यों में 75 प्रतिशत कर दी है, लेकिन यह 7.5 लाख रुपये की अधिकतम सीमा पर निर्भर करेगा।
इसमें अधिक भागीदारी के लिये विश्वविद्यालय और गैर सरकारी संगठनों सहित विभिन्न प्रतिभागियों को देश में सीआर स्टेशन स्थापित करने की अनुमति दी गई है। मंत्री ने यह बात आज नई दिल्ली में सूचना और प्रसारण के लिए अतिरिक्त महानिदेशक फ्रैंक ला रू के नेतृत्व में यूनेस्को प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के दौरान कही। कर्नल राठौर ने कहा कि सामुदायिक रेडियो विभिन्न स्थानीय और संबंधित मुद्दों पर स्थानीय भाषा और बोली में जानकारी प्रदान कर जमीनी स्तर पर सूचना प्रदान करने की आवश्यकता को पूरा करेगा।

No comments:
Post a Comment