Wednesday, 1 March 2017

देश में 100 जिले खुले में शौच मुक्‍त

                पेयजल एवं स्‍वच्‍छता मंत्रालय ने स्‍वच्‍छ भारत मिशन में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करने और उनकी अगुवाई की भलीभांति सराहना करने के उद्देश्‍य से आज देश भर में पूरे सप्‍ताह चलने वाली विभिन्‍न गतिविधियों के कार्यक्रम ‘स्‍वच्‍छ शक्ति सप्‍ताह’ का शुभारंभ किया। 

          केन्‍द्रीय पेयजल एवं स्‍वच्‍छता मंत्री नरेन्‍द्र सिंह तोमर ने हरियाणा सरकार के साथ संयुक्‍त रूप से आयोजित एक कार्यक्रम के तहत हरियाणा के गुरुग्राम में राष्‍ट्रीय स्‍तर पर स्‍वच्‍छ शक्ति सप्‍ताह का शुभारंभ किया। हरियाणा में जमीनी स्तर से जुड़ी 1000 से अधिक महिला स्वच्छता चैंपियनों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। हरियाणा के 11 ओडीएफ (खुले में शौच मुक्‍त) जिलों के उपायुक्‍तों को इस अवसर पर सम्‍मानित किया गया। इस अवसर पर तोमर ने स्‍वच्‍छ भारत मिशन के क्रियान्‍वयन के तहत समस्‍त ग्रामीण भारत में महिलाओं द्वारा निभाई जा रही अग्रणी भूमिका की सराहना की।          

               उन्‍होंने स्‍वच्‍छता को एक जन आंदोलन का स्‍वरूप प्रदान करने के लिए भी इनकी सराहना की। उन्‍होंने घोषणा की कि पूरे सप्‍ताह के दौरान राष्‍ट्रव्‍यापी कार्यक्रम आयोजित कर महिला स्‍वच्‍छता चैंपियनों, महिला सरपंचों, ‘आशा’ से जुड़ी कार्यकर्ताओं, स्‍कूल शिक्षकों, युवा विद्यार्थियों और वरिष्‍ठ नागरिकों को सम्‍मानित किया जायेगा। उन्‍होंने कहा कि गुजरात में एक विशाल कार्यक्रम के आयोजन के साथ इस सप्‍ताह का समापन होगा। ‘स्‍वच्‍छ शक्ति 2017’ नामक इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 6000 महिला सरपंचों को संबोधित करेंगे। स्‍वच्‍छ भारत में उनके अहम योगदान के लिए उन्‍हें सम्मानित करेंगे। 

            मंत्री ने यह भी घोषणा की कि देश में ओडीएफ (खुले में शौच मुक्‍त) जिलों की संख्‍या अब 100 के पार चली गई है। इसी तरह 1.7 लाख से ज्‍यादा गांव अब ओडीएफ हो गये हैं। उन्‍होंने कहा कि आज हासिल की गई इस महत्‍वपूर्ण उपलब्धि ने इसे मिशन के लिए दोहरी खुशी के अवसर में तब्‍दील कर दिया है। उन्‍होंने स्‍वच्‍छ एवं खुले में शौच मुक्‍त भारत को एक वास्‍तविकता में तब्‍दील करने संबंधी प्रधानमंत्री के विजन में उल्‍लेखनीय योगदान देने के लिए स्‍वच्‍छ भारत मिशन से जुड़े प्रत्‍येक व्‍यक्ति, विशेषकर इन 100 जिलों के प्रशासन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। हरियाणा के विकास एवं पंचायत और कृषि मंत्री ओ. पी. धनखड़ भी इस अवसर पर उपस्थित थे। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि महिलाएं स्‍वच्‍छ भारत मिशन की स्‍वाभाविक नेता हैं।

             उन्‍होंने यह भी घोषाणा की कि हरियाणा नवंबर 2017 तक एक ओडीएफ राज्‍य बन जायेगा। केंद्र एवं राज्‍य सरकार के वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ-साथ अन्‍य हितधारकों ने भी इस समारोह में भाग लिया।  

No comments:

Post a Comment